Tuesday, March 10

रक्सौल: डीआईजी हरकिशोर राय ने एसडीपीओ कार्यालय का किया वार्षिक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण और कांडों के त्वरित निष्पादन पर दिया जोर

रक्सौल (बिहार)।(Vor desk)। बेतिया रेंज के डीआईजी हरीकिशोर राय ने मंगलवार को रक्सौल अनुमंडल पुलिस कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रक्सौल आगमन पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) मनीष आनंद की मौजूदगी में पुलिस बल द्वारा डीआईजी को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देकर सलामी दी गई।

​कार्यालय प्रबंधन और अभिलेखों की सूक्ष्म जांच

​डीआईजी ने अपने निरीक्षण की शुरुआत एसडीपीओ कार्यालय से की, जहाँ उन्होंने अभिलेखागार (रिकॉर्ड रूम), कंप्यूटर कक्ष और कार्यालय कक्ष का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने कार्यालय में उपलब्ध कंप्यूटरों की संख्या की जानकारी ली और साथ ही जनता दरबार के संचालन के समय की भी समीक्षा की। डीआईजी ने रिकॉर्ड रूम में फाइलों और केस डायरी के रख-रखाव, उनके अपडेट रहने और व्यवस्थित ढंग से फाइलिंग की स्थिति को परखा।

​पुलिस अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

​निरीक्षण के बाद, डीआईजी ने सभाकक्ष में अनुमंडल के सभी थानाध्यक्षों और पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को निम्नलिखित दिशा-निर्देश दिए:

  • अपराध नियंत्रण: क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
  • तस्करी पर प्रहार: रक्सौल सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण मादक पदार्थों और शराब की तस्करी पर पूर्ण रूप से रोक लगाने के सख्त निर्देश दिए।
  • सीमा सुरक्षा: अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने का आदेश दिया।

​कांडों के निष्पादन पर डीआईजी का फोकस

​पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीआईजी हरकिशोर राय ने स्पष्ट किया कि वार्षिक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिसिंग को और अधिक जवाबदेह बनाना है। उन्होंने बताया कि लंबित कांडों की समीक्षा की जा रही है।

​डीआईजी ने कहा, “हमारा उद्देश्य महत्वपूर्ण कांडों का अविलंब निष्पादन सुनिश्चित करना है। हमने एक लक्ष्य निर्धारित किया है ताकि पेंडिंग केसों की संख्या न्यूनतम रहे। पिछले डेढ़ वर्षों में हमने लगभग 50 प्रतिशत कांडों का निष्पादन कर पेंडिंग केसों को काफी कम किया है, शेष मामलों को भी जल्द निपटाने के लिए विशेष प्रयास जारी हैं।”

​प्रमुख उपस्थिति

​इस अवसर पर एसडीपीओ मनीष आनंद, इंस्पेक्टर रंजय कुमार, इंस्पेक्टर रमेश कुमार महतो, हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान, प्रभात कुमार सहित अनुमंडल के सभी थानों के थानाध्यक्ष और भारी संख्या में पुलिस अधिकारी व जवान मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!