Monday, March 9

रक्सौल: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को मिली बड़ी सौगात, अनुमंडल अस्पताल परिसर में ‘अतिरिक्त वन स्टॉप सेंटर’ का भव्य उद्घाटन

रक्सौल।(Vor desk)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर रविवार को रक्सौल अनुमंडल अस्पताल परिसर में ‘अतिरिक्त वन स्टॉप सेंटर’ का भव्य उद्घाटन किया गया। इस केंद्र के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को कानूनी सहायता, चिकित्सा सुविधा और आवश्यक परामर्श एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सकेगा, जिससे उन्हें न्याय के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। इसके बाद रक्सौल के अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा रिबन काटकर केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया।

​इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक प्रमोद सिन्हा एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। विधायक प्रमोद सिन्हा ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर रक्सौल को ‘वन स्टॉप सेंटर’ की सौगात मिलना क्षेत्र के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र मात्र एक भवन नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में महिलाओं के लिए एक ‘सुरक्षा कवच’ के रूप में कार्य करेगा। सरकार हर महिला को सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

​इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को त्वरित न्याय और सहायता प्रदान करना है, ताकि वे किसी भी विषम परिस्थिति में अकेले न पड़ें। उद्घाटन के पश्चात एक विशेष संवाद सत्र का भी आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

​कार्यक्रम का सफल संचालन जिला परियोजना प्रबंधक वीरेंद्र राम ने किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर 47वीं बटालियन एसएसबी के सहायक कमांडेंट रजत मिश्रा, अनुमंडल अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. स्वाति स्वपन, आईसीडीएस की प्रोग्राम पदाधिकारी विनीता कुमारी और वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक दीक्षा कुमारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

​इनके अलावा भाजपा नेता राकेश कुशवाहा, कन्हैया सर्राफ, कमलेश कुमार, प्रेम गुप्ता सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद थे। केंद्र की टीम में शामिल काउंसलर खुशबू कुमारी, केश वर्कर मीता कुमारी एवं सुनीता कुमारी के साथ महिला एवं बाल विकास निगम के कर्मी निर्भय कुमार, शैलेश कुमार, रितेश कुमार, शशि प्रकाश यादव, ऋतिक राज एवं अमरेंद्र कुमार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।(रिपोर्ट:पीके गुप्ता)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!