
रक्सौल (vor desk)। रक्सौल शहर की हृदयस्थली कहे जाने वाले वार्ड संख्या 6 और 12 में निर्माणाधीन बैंक रोड के सड़क व नाला निर्माण कार्य की धीमी गति और गुणवत्ता को लेकर चल रहे विवाद के बीच रविवार को स्थानीय विधायक प्रमोद सिन्हा ने स्वयं निर्माण स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। मुख्यमंत्री शहरी समग्र योजना के अंतर्गत अगस्त 2025 से कार्यारंभ हुए इस महत्वपूर्ण परियोजना के भौतिक निरीक्षण के दौरान विधायक ने कार्य की सुस्त रफ्तार और मानकों के पालन को लेकर कड़ी नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान विधायक प्रमोद सिन्हा ने मौके पर उपस्थित संवेदकों और अभियंताओं को कड़े निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि रक्सौल के विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बैंक रोड स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों के आवागमन का मुख्य मार्ग है, इसलिए सड़क की मजबूती और जल निकासी की व्यवस्था अत्यंत महत्वपूर्ण है। विधायक ने निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश देते हुए रक्सौल को एक विकसित विधानसभा क्षेत्र बनाने के अपने संकल्प को दोहराया और सुशासन के तहत कार्यों को समयबद्ध पूरा करने पर जोर दिया।

ज्ञात हो कि इस सड़क का निर्माण मुख्य मार्ग से पंचायती मंदिर होते हुए ओल्ड एक्सचेंज रोड स्थित एक निजी स्कूल तक प्रस्तावित है। वर्तमान में दक्षिण की ओर नाला निर्माण पूर्ण हो चुका है, लेकिन उत्तरी छोर पर निर्माण कार्य की स्थिति असंतोषजनक बनी हुई है। नगर परिषद के विभागीय कार्य के तहत नाला निर्माण फिलहाल आदर्श चौक तक ही सीमित है, जबकि सड़क का निर्माण पटेल पथ तक पूरा हो गया है।
इस निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय वार्ड पार्षद घनश्याम प्रसाद ने पूर्व में जिला प्रशासन, नगर विकास विभाग और बुडको (BUDCO) के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। पार्षद की शिकायत के अनुसार, कार्य की प्रगति अत्यंत धीमी है, सड़क का तल (लेवल) हाई कोर्ट के नियमों के विरुद्ध बहुत ऊंचा कर दिया गया है और निर्माण की गुणवत्ता भी मानकों के अनुरूप नहीं है।
इस निरीक्षण के दौरान विधायक के साथ भाजपा नेता राकेश कुशवाहा, व्यवसायिक प्रकोष्ठ के संयोजक कन्हैया सर्राफ, मंडल अध्यक्ष मंटू गुप्ता, रवि गुप्ता, कमलेश कुमार, जितेंद्र जी, प्रेम गुप्ता सहित कई गणमान्य नागरिक और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्थानीय नागरिकों ने इस दौरान क्षेत्र की अन्य समस्याओं से भी विधायक को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
