
रक्सौल। (Vor desk)
होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से हरैया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। थानाध्यक्ष किसन पासवान के नेतृत्व में हुई इस बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि, डीजे संचालक और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक सम्मिलित हुए।
बैठक के दौरान थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन्स का हवाला देते हुए डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी दी और हिदायत दी कि किसी भी हाल में अश्लील गानों का प्रयोग न किया जाए।

प्रशासन ने महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिया कि होली के नाम पर छींटाकशी या किसी की बिना सहमति के रंग-गुलाल लगाने जैसी जबरदस्ती करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष किसन पासवान ने क्षेत्रवासियों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की, ताकि पर्व का आनंद सुरक्षित और गरिमामय तरीके से लिया जा सके।
