Saturday, March 7

रक्सौल नगर परिषद की बोर्ड बैठक में 1.92 अरब का बजट पेश, शहर के विकास और स्वच्छता पर बनी सहमति

रक्सौल।(Vor desk)।शहर के वार्ड नंबर 1 स्थित नगर परिषद कार्यालय के प्रशासनिक भवन में शुक्रवार को सामान्य बोर्ड की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी की अध्यक्षता में संपन्न हुई वर्ष 2026 की इस दूसरी बोर्ड बैठक में शहर के सर्वांगीण विकास, स्वच्छता और आगामी वित्तीय वर्ष के रोडमैप पर गहन मंथन किया गया। बैठक का कुशल संचालन नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने किया, जिसमें मुख्य रूप से चार प्रमुख एजेंडों पर चर्चा के साथ-साथ शहर की विभिन्न समस्याओं के निदान का संकल्प लिया गया।

​बैठक की शुरुआत में पूर्व की बैठकों में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई और सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से संपुष्ट किया गया। इसके उपरांत शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान बोर्ड के सदस्यों को अवगत कराया गया कि नगर परिषद क्षेत्र को चकाचक बनाने के लिए जल्द ही एक एनजीओ को टेंडर देने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। निविदा प्रक्रिया समाप्त होते ही सफाई का जिम्मा पूरी तरह एजेंसी को सौंप दिया जाएगा, जिससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था में व्यापक सुधार आएगा। वर्तमान में नगर परिषद के मानवबल के माध्यम से नियमित सफाई कार्य का संचालन किया जा रहा है।

​सदन की कार्यवाही के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट का खाका भी पेश किया गया। इस नए बजट में विकास कार्यों के लिए 1 अरब 92 लाख रुपये के खर्च का प्रावधान किया गया है। बजट की प्रस्तावित प्रति सभी पार्षदों को उपलब्ध कराई गई, जिस पर सदस्यों ने विकास योजनाओं के लिए आवंटित राशि को और अधिक बढ़ाने का सुझाव दिया। पार्षदों की राय के अनुसार बजट में आवश्यक संशोधन कर इसे पुनः सदन के पटल पर रखने का निर्णय लिया गया है। कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि कुल 22 सदस्यों की उपस्थिति में यह बैठक पूरी तरह शांतिपूर्ण रही, जिसमें जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता दी गई।

​बैठक के अंतिम चरण में ‘अन्यान’ के तहत विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की विकास योजनाओं और समस्याओं से संबंधित प्रस्ताव रखे, जिन्हें सर्वसम्मति से कार्यवाही का हिस्सा बनाया गया। इस अवसर पर पार्षद डिंपल चौरसिया, सोनू कुमार गुप्ता, रवि गुप्ता, घनश्याम प्रसाद, मोहम्मद अब्बास, रवि कुमार गुप्ता और कुंदन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों में सिटी मैनेजर अविनाश कुमार राव, स्वच्छता पदाधिकारी कन्हैया कुमार, प्रभारी प्रधान सहायक चंदेश्वर बैठा, कनीय अभियंता राज कुमार राय, रोहित कुमार, विवेक कुमार और प्रभारी रोकड़पाल पंकज कुमार सिंह सहित अन्य कर्मियों ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!