Saturday, March 7

रक्सौल नगर परिषद के कड़े तेवर: रेलवे रोड स्थित ‘अवैध’ होटल और मॉल निर्माण पर नोटिस देने का प्रस्ताव पारित

रक्सौल।(Vor desk)। शहर के वार्ड नंबर 1 स्थित नगर परिषद कार्यालय के प्रशासनिक भवन में आयोजित सामान्य बोर्ड की बैठक में रेलवे द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों को लेकर जमकर हंगामा हुआ और प्रशासन ने इस पर कड़ा रुख अपनाया है। कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में मुख्य रूप से वार्ड नंबर 6 स्थित बैंक रोड के पास रेलवे द्वारा कराए जा रहे निर्माण का मुद्दा छाया रहा। बोर्ड के सदस्यों ने रेलवे द्वारा वहां बनाए जा रहे होटल और मॉल पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे पूरी तरह नियम विरुद्ध करार दिया। सदन ने एक सुर में कहा कि यह निर्माण कार्य बिहार नगरपालिका अधिनियम के प्रावधानों का खुला उल्लंघन है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

​बैठक का संचालन कर रहे नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि बोर्ड के सदस्यों की गंभीर आपत्तियों के बाद सदन ने सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया है। इस प्रस्ताव के तहत रेलवे को तत्काल आधिकारिक नोटिस जारी कर अवैध निर्माण पर रोक लगाने और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है। बोर्ड का मानना है कि निकाय क्षेत्र के भीतर किसी भी प्रकार का व्यावसायिक निर्माण बिना उचित मानचित्र स्वीकृति और अधिनियमों के पालन के नहीं किया जा सकता।

​प्रशासनिक भवन के सभागार में चली इस कार्यवाही के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बोर्ड द्वारा पारित इस प्रस्ताव के आलोक में विभाग ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है और जल्द ही संबंधित रेलवे अधिकारियों को नोटिस तामील कराया जाएगा। इस बैठक में शहर के अन्य विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई, लेकिन रेलवे के इस निर्माण कार्य पर बोर्ड के तल्ख तेवरों ने स्पष्ट कर दिया है कि नगर परिषद क्षेत्र के भीतर नियमों की अनदेखी करने वाले किसी भी संस्थान के खिलाफ विभाग सख्त कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!