Saturday, March 7

वीरगंज के श्रीपुर में साम्प्रदायिक तनाव: सेना ने संभाला मोर्चा, पथराव और लाठीचार्ज में कई घायल

वीरगंज (पर्सा)।(Vor desk)। पर्सा जिला स्थित वीरगंज महानगरपालिका-11, श्रीपुर क्षेत्र में रविवार शाम दो समुदायों के बीच भड़की हिंसा के बाद स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई है। नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी के प्रयास के बावजूद स्थिति बेकाबू होते देख नेपाल सेना ने मोर्चा संभाल लिया है। पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

​हिंसक झड़प और घायलों का विवरण

​रविवार शाम मामूली विवाद से शुरू हुई इस घटना ने देखते ही देखते सांप्रदायिक रंग ले लिया। दोनों पक्षों की ओर से हुए भीषण पथराव और पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में अब तक दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके अतिरिक्त, झड़प और लाठीचार्ज के दौरान आधा दर्जन से अधिक लोगों के चोटिल होने की सूचना है। घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

​सेना का फ्लैग मार्च और पुलिसिया कार्रवाई

​जब उत्तेजित भीड़ ने पुलिस का घेरा तोड़कर दूसरे पक्ष की बस्तियों पर हमला करने की कोशिश की, तो सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नेपाल सेना को तैनात किया गया। सेना के आते ही उपद्रवी पीछे हटे, लेकिन माहौल में अभी भी भारी अविश्वास और तनाव व्याप्त है।

प्रशासन का संदेश: जिला पदाधिकारी भोला दहाल ने स्थानीय नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की पुरजोर अपील की है।एसपी सुदीप पाठक ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!