
रक्सौल ।(Vor desk) ।
स्थानीय शहर के मुख्य पथ स्थित अनुमंडलीय अस्पताल एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शोक सभा का आयोजन कर यूनिसेफ के बीएमसी (ब्लॉक मॉनिटरिंग कोऑर्डिनेटर) अनिल कुमार को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उनके असामयिक निधन की खबर से पूरा स्वास्थ्य महकमा स्तब्ध और मर्माहत है।
स्मृति में छलके आंसू, सन्नाटे में डूबा अस्पताल परिसर
पीएचसी में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित सभा के दौरान माहौल उस समय अत्यंत भावुक हो गया, जब डॉ. राजीव अपने संबोधन में अनिल कुमार का नाम लेते ही फफक पड़े। उनका कंठ रुंध गया और आंखों से आंसू छलक आए। अपने अधिकारी को इस कदर भावुक देख वहां मौजूद एएनएम, आशा कार्यकर्ता और फैसिलिटेटर्स की आंखें भी नम हो गईं। कुछ क्षणों के लिए पूरे अस्पताल परिसर में सन्नाटा पसर गया।

डॉ. राजीव ने स्वयं को संभालते हुए कहा कि अनिल जी न केवल एक कर्मठ सहयोगी थे, बल्कि एक सरल, सौम्य और मृदुभाषी इंसान भी थे। कार्य के प्रति उनकी सजगता हम सभी के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगी।
स्वास्थ्य विभाग के लिए अपूरणीय क्षति: डॉ. स्वाति सपन
उधर, अनुमंडलीय अस्पताल के मुख्य द्वार पर उपाधीक्षक डॉ. स्वाति सपन की अध्यक्षता में भी शोक सभा आयोजित हुई। डॉ. सपन ने गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा कि अनिल कुमार जैसे समर्पित कर्मी का असमय जाना रक्सौल स्वास्थ्य विभाग के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकेगा।
दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
सभा के अंत में उपस्थित सभी चिकित्सकों और कर्मियों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। शोक प्रकट करने वालों में मुख्य रूप से डॉ. अमित कुमार जायसवाल, डॉ. अजय कुमार, डॉ. विजय कुमार, डॉ. शमीम अहमद, डॉ. मुराद आलम, डॉ. प्रकाश कुमार मिश्रा, डा शिशुपाल रजक,बीएचएम आशीष कुमार, बीसीएम सुमित सिन्हा,डब्लू एच ओ के एफएम नुरुल सलाम, सौरभ कुमार मिश्रा, दीपक कुमार सिंह, जयप्रकाश कुमार, विजय लक्ष्मी, अभय कुमार,मोहम्मद अरशद,, मो. एकराम ,दीप राज,नवीन कुमार सहित सैकड़ों स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे।
