Saturday, March 7

रक्सौल नगर परिषद बोर्ड की बैठक: 100 फीट ऊंचा तिरंगा और डिजिटल साइनेज से संवरेगा शहर, बॉर्डर के सौंदर्यीकरण पर मुहर

​रक्सौल।(Vor desk)। शहर के वार्ड नंबर 1 स्थित नगर परिषद के प्रशासनिक भवन के सभागार में शनिवार को सामान्य बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी की अध्यक्षता और कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार के संचालन में संपन्न हुई इस बैठक में वर्ष 2026 के पहले माह में शहर के विकास और सौंदर्यीकरण का खाका खींचा गया। बैठक की शुरुआत पिछली कार्यवाही की संपुष्टि के साथ हुई, जिसके बाद मुख्य एजेंडा ‘शहर के कायाकल्प’ पर विस्तार से चर्चा की गई।

​बैठक में भारत-नेपाल सीमा पर स्थित मैत्री पुल को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया, जहाँ अब 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण उपरांत विशेष सौंदर्यीकरण कार्य कराए जाएंगे। कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि भारतीय कस्टम से लेकर बाटा चौक और पंकज चौक तक विशेष सजावटी लाइटें लगाई जाएंगी। इसके साथ ही पूरे शहर में आधुनिक डिजिटल साइनेज बोर्ड स्थापित करने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया है। शहर के मुख्य मार्ग (मेन रोड) स्थित डिवाइडर को आकर्षक बनाने के लिए वहां नई लाइटें और पौधारोपण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाएगा। कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी ने जोर देते हुए कहा कि आगामी छह माह के भीतर रक्सौल एक बदले हुए और सुंदर स्वरूप में नजर आएगा।

​बैठक के दौरान पार्षद रवि गुप्ता ने भविष्य की चुनौतियों की ओर सदन का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि गर्मी शुरू होने में अब मात्र 60 दिन शेष हैं, जिसके बाद शहर में पेयजल का गंभीर संकट पैदा हो सकता है। उन्होंने नल-जल योजना की बदहाली पर नाराजगी जताते हुए संवेदकों और इंजीनियरों को कड़े निर्देश देने की मांग की, जिसे सभापति ने स्वीकार करते हुए सुधार के आदेश दिए। इसके अतिरिक्त शहर की सफाई व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए एनजीओ के टेंडर को अविलंब फाइनल करने और नगर परिषद के सभी वाहनों पर जीपीएस लगाने का निर्णय लिया गया ताकि उनकी निगरानी की जा सके।

​बैठक के अंत में विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने सड़क और नाला निर्माण से जुड़े प्रस्ताव सदन के पटल पर रखे। इस सामान्य बोर्ड की बैठक में कुल 25 पार्षदों में से 16 पार्षद उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से पार्षद कुंदन सिंह, रवि कुमार गुप्ता, मो. अब्बास,रणजीत कुमार,  डिंपल चौरसिया, ओम साह, आशा देवी, कांति देवी, शायरा खातून, दीपक कुमार, रम्भा देवी, अंतिमा देवी, रबीता देवी और सुगंधि देवी शामिल थे। प्रशासनिक स्तर पर नगर प्रबंधक अवीनाश कुमार राव, प्रभारी प्रधान सहायक चंदेश्वर बैठा, नगर मिशन प्रबंधक राकेश रंजन, प्रभारी रोकड़पाल पंकज कुमार सिंह, स्वच्छता पदाधिकारी कन्हैया कुमार यादव, कनीय अभियंता राज कुमार राय, रोहित कुमार, विवेक कुमार, सहायक बैजू जायसवाल, अजीत कुमार श्रीवास्तव और सफाई निरीक्षक रामनरेश प्रसाद कुशवाहा सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!