
एम्बुलेंस की गंदगी पर जताई नाराजगी,संबंधित पदाधिकारियों को लगाई फटकार
रक्सौल ।(Vor desk)।
अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) मनीष कुमार ने गुरुवार को आदापुर प्रखंड में विभिन्न सरकारी संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य व्यवस्था से लेकर अनाज भंडारण और पैक्स के कामकाज में भारी लापरवाही उजागर हुई है। एसडीएम की इस सख्त कार्रवाई से पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा हुआ है।
अस्पताल में न डॉक्टर मिले न सफाई

एसडीएम ने जब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) आदापुर का निरीक्षण किया, तो वहां की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। पीएचसी प्रभारी डॉ. फिरोज और डॉ. ओमप्रकाश ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। उनके अलावा कई अन्य स्वास्थ्य कर्मी भी गायब मिले, जिनसे प्रशासन अब जवाब-तलब कर रहा है। अस्पताल के दवा वितरण कक्ष में स्टॉक रजिस्टर का संधारण भी सही तरीके से नहीं किया जा रहा था। एसडीएम ने प्रसव कक्ष और एम्बुलेंस में फैली गंदगी को देखकर कड़ी नाराजगी जताई और एम्बुलेंस के लॉग बुक की भी जांच की। हालांकि, पैथोलॉजी लैब और एक्स-रे मशीन का संचालन संतोषप्रद पाया गया।

टीपीडीएस गोदाम की खिड़की टूटी, सीलन का खतरा
टीपीडीएस गोदाम के निरीक्षण के दौरान भवन की जर्जर स्थिति सामने आई। गोदाम का फर्श कई जगह से क्षतिग्रस्त था, जिससे सीलन के कारण खाद्यान्न खराब होने की आशंका जताई गई। वहीं, ऊपरी हिस्से की खिड़कियों के कांच टूटे मिले, जिससे बारिश का पानी अंदर आने का खतरा बना हुआ है। मौके पर वेटिंग मशीन का प्रमाण पत्र भी नहीं मिला। हालांकि, ऑनलाइन रिपोर्ट और भौतिक स्टॉक का मिलान सही पाया गया। इन कमियों को लेकर सहायक गोदाम प्रभारी से कारण पृच्छा (शो-कॉज) की गई है।

पैक्स में रजिस्टर और मशीनें मिलीं खराब
एसडीएम ने बरवा और भैरवा टोला पैक्स का भी जायजा लिया। यहां भी कार्यशैली में पारदर्शिता का अभाव दिखा। दोनों पैक्स में रजिस्टर का संधारण ठीक ढंग से नहीं किया गया था और धान की नमी मापने वाली आद्रता मशीनें भी खराब पाई गईं। इस लापरवाही को लेकर एसडीएम ने दोनों पैक्स अध्यक्षों से स्पष्टीकरण मांगा है।
क्या कहा एसडीएम ने
एसडीएम मनीष कुमार ने कहा कि निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं को गंभीरता से लिया गया है। सरकारी कार्यों में लापरवाही बरतने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा।
