
रक्सौल।(Vor desk)। सरहंदी शहर रक्सौल के लिए यह गौरव का क्षण है। पूर्वी चंपारण के छौडादानो प्रखंड के नरकटिया बाजार निवासी अंकित गुप्ता को भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय ने नई दिल्ली में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह-2026 के लिए विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। अंकित ने भारत सरकार के MyGov Platform द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की क्विज प्रतियोगिता में देश भर के हजारों प्रतिभागियों को पछाड़कर यह स्थान हासिल किया है।
सवा लाख प्रतिभागियों के बीच बनाई जगह
बता दें कि ‘आत्मनिर्भर भारत मिशन’, ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’, ‘भारत का अंतरिक्ष अभियान’ और ‘खेल उपलब्धियों’ जैसे विषयों पर आधारित यह प्रतियोगिता 1 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 के बीच आयोजित की गई थी। इस कड़ी स्पर्धा में देश भर से कुल 1,23,045 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। रक्षा मंत्रालय ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 200 युवाओं का चयन किया है, जिनमें अंकित गुप्ता ने अपनी मेधा के दम पर जगह बनाई है।
व्यवसायी परिवार में खुशी की लहर
अंकित, नरकटिया बाजार के हार्डवेयर व्यवसायी रिपुकांत गुप्ता और गृहिणी वीणा देवी के पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। परिजनों ने बताया कि अंकित शुरू से ही समसामयिक विषयों और देश के विकास कार्यों में रुचि रखते रहे हैं। अब वह कर्तव्य पथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के साक्षी बनेंगे, जो रक्सौल और पूरे जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
इस निमंत्रण पर स्थानीय समाजसेवियों और प्रबुद्ध जनों ने अंकित के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनकी उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
