Saturday, March 7

रक्सौल नगर परिषद ने लगाया स्वास्थ्य शिविर, आश्रय विहीन और फुटपाथ विक्रेताओं को मिला निःशुल्क उपचार

रक्सौल।(Vor desk)। नगर परिषद रक्सौल के देख-रेख में दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (डे-नुलुयम) द्वारा शहर के वार्ड नंबर 2, तुमड़िया टोला स्थित आश्रय स्थल में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। नगर कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में आयोजित इस शिविर के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं को पहुँचाने का प्रयास किया गया।

​शिविर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रक्सौल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन कुमार ने अपनी टीम के साथ पहुँचकर आश्रय विहीन व्यक्तियों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और फुटपाथ विक्रेताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान कुल 46 लोगों के स्वास्थ्य की गहन जाँच की गई और उन्हें बीमारियों के अनुसार आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।

​जाँच और उपचार के साथ-साथ डॉ. राजीव रंजन कुमार ने उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया। उन्होंने बुखार, बीपी और शुगर की जाँच के महत्व को समझाते हुए सर्दी-खांसी, काली खांसी और लकवा जैसी बीमारियों के लक्षण, उनसे बचाव और निदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में नगर मिशन प्रबंधक राकेश रंजन, नगर प्रबंधक रवि रंजन ठाकुर, सीओ स्नेह राहुल, सीआरपी चंदा देवी, प्रियंका देवी, आश्रय स्थल की मैनेजर गीतांजलि कुमारी और केयर टेकर्स ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!