Saturday, March 7

रक्सौल ICP में ‘फिटनेस रन’ का शानदार आयोजन: शून्य रेखा पर दौड़े 250 प्रतिभागी

रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। (Vor desk)।सीमावर्ती क्षेत्र में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट’ (ICP) रक्सौल के तत्वावधान में ‘फिटनेस रन जीरो लाइन’ के तहत ढाई किलोमीटर की मैराथन दौड़ का सफल आयोजन किया गया। इस दौड़ में स्कूली छात्रों, एसएसबी जवानों और स्थानीय ग्रामीणों सहित लगभग 250 प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

प्रमुख अतिथियों ने दिखाई हरी झंडी

​कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय महावाणिज्य दूतावास (बीरगंज) के महावाणिज्यदूत डी.एस. मीना, वाणिज्यदूत महेश दास, पतन प्रशासक कुमार राजीव रंजन, सहायक कस्टम आयुक्त राघवेंद्र साह और एसएसबी डिप्टी कमांडेंट दीपक कृष्ण आदि ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।

पूर्व एशियन चैंपियन ने दिलाया फिटनेस का संकल्प

​दिल्ली से विशेष रूप से आईं पूर्व एशियन मैराथन चैंपियन डॉ. सुनीता गोदारा के दिशा-निर्देश में प्रतिभागियों ने दौड़ लगाई। उन्होंने सभी को ‘फिटनेस डोज’ को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया।

अतिथियों के विचार: स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी पूंजी

  • महावाणिज्यदूत डी.एस. मीना: “स्वस्थ शरीर और शांत मन के लिए व्यायाम अनिवार्य है। ऐसे आयोजनों से न केवल फिटनेस बढ़ती है, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों में आपसी प्रेम और सद्भाव भी सुदृढ़ होता है।”
  • पतन प्रशासक कुमार राजीव रंजन (अध्यक्ष): “आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग सेहत को नजरअंदाज कर रहे हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को गंभीर बीमारियों के प्रति सचेत करना और नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित करना है।”

विजेता हुए सम्मानित

​दौड़ के समापन के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को मेडल और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति:

बीरगंज ICP प्रबंधक गणेश प्रसाद घिमिरे, रक्सौल पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन, लायंस क्लब अध्यक्ष बिमल सर्राफ,शारदा कला केंद्र की संचालिका शिखा रंजन, रमन कुमार झा, अख्तर सैफी, और एस.ए.वी स्कूल के शिक्षक विक्टर डेका सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!