Saturday, March 7

नेपाल पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: वीरगंज में हुंडी नेटवर्क का भंडाफोड़, लाखों की नकदी के साथ बिहार के तीन युवक दबोचे गए

वीरगंज/रक्सौल।(Vor desk)। नेपाल के सीमावर्ती शहर वीरगंज में अवैध वित्तीय कारोबार (हुंडी) के खिलाफ पर्सा पुलिस ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने तीन भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है, जो बिना किसी वैध दस्तावेज के भारी मात्रा में नेपाली मुद्रा ले जा रहे थे। इस बड़ी कार्रवाई ने सीमा पार सक्रिय हुंडी माफियाओं की कमर तोड़ दी है।

मकालु चौक पर बिछाया गया जाल

पर्सा जिला पुलिस की विशेष टीम ने वीरगंज महानगरपालिका वार्ड नंबर-10 स्थित मकालु चौक पर घेराबंदी की थी। इसी दौरान दो अलग-अलग बाइकों पर सवार तीन संदिग्धों को रोका गया। पुलिस की तलाशी में उनके पास से कुल 6 लाख 71 हजार 950 रुपये बरामद हुए। पकड़े गए आरोपी इस नकद राशि के स्रोत के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया गया।

बेतिया और दरपा के निवासी हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम चंपारण (बेतिया) के बैरिया थाना क्षेत्र के मथौली निवासी अनवर मियां (50) और महमद कैफ अहमद (22) शामिल हैं। ये दोनों भारतीय नंबर की बाइक (BR 22 H 6338) से 4,30,950 रुपये ले जा रहे थे। वहीं, दूसरी कार्रवाई में पूर्वी चंपारण के दरपा थाना क्षेत्र के गमहरिया कला निवासी फूल महमद (48) को एक नेपाली बाइक के साथ पकड़ा गया, जिसके पास से 2,41,000 रुपये नकद मिले।

कानूनी शिकंजा और रिमांड

पर्सा पुलिस के डीएसपी राजु कार्की ने पुष्टि की है कि आरोपियों पर अपराध संहिता, 2074 की धारा 125 (क) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जिला अदालत से तीन दिनों की रिमांड हासिल की है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस हुंडी रैकेट के तार और कहां-कहां जुड़े हैं। नेपाल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सीमाई इलाकों में अवैध मुद्रा के प्रवाह को रोकने के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!