
मोतिहारी (पूर्वी चम्पारण)।पूर्वी चम्पारण जिले में कड़ाके की ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों सहित शैक्षणिक संस्थानों में 12वीं कक्षा तक की गतिविधियों पर रोक की अवधि को 7 जनवरी 2026 तक बढ़ा दिया है।
स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले में लगातार गिरते तापमान और शीतलहर की स्थिति बनी हुई है, जो विशेष रूप से छोटे बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती है। इससे पहले शैक्षणिक गतिविधियों पर 3 जनवरी 2026 तक के लिए प्रतिबंध लगाया गया था, लेकिन मौसम की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के हित में इस अवधि का विस्तार करना आवश्यक हो गया था।
इन पर लागू होगा आदेश
- यह प्रतिबंध जिले के सभी निजी और सरकारी विद्यालयों (प्री-स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र सहित) पर प्रभावी होगा।
- जिले के सभी कोचिंग संस्थानों में भी 12वीं कक्षा तक की सभी कक्षाओं के लिए शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी।
- परीक्षा हेतु संचालित की जाने वाली विशेष कक्षाओं और पूर्व निर्धारित परीक्षाओं के संचालन को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है।
कानूनी प्रावधान और निर्देश
जिलाधिकारी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा-163 के तहत यह आदेश निर्गत किया है। विद्यालय प्रबंधनों को सख्त निर्देश दिया गया है कि वे आदेश के अनुरूप सभी शैक्षणिक गतिविधियों को स्थगित रखें। प्रशासन द्वारा ठंड और मौसम की स्थिति की निरंतर समीक्षा की जा रही है और परिस्थितियों के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
