
रक्सौल।(Vor desk)। स्थानीय अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को भूमि विवादों के समाधान हेतु जनता दरबार का आयोजन किया गया। राजस्व और पुलिस प्रशासन की संयुक्त उपस्थिति में आयोजित इस शिविर में भूमि से संबंधित कुल दस मामले सुनवाई के लिए पहुंचे, जिनमें से दो मामलों का आपसी सहमति और दस्तावेजों के आधार पर मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। शेष आठ मामलों में संबंधित पक्षों को आवश्यक कागजातों के साथ अगले शनिवार को पुनः उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए अंचल अधिकारी (सीओ) शेखर राज ने बताया कि जनता दरबार में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे थे। इनमें कनना गांव के दो, चंदुली के दो और खेखरिया, बहुअरवा, पुरन्दरा, सहदेवा, नागा रोड व गम्हरिया के एक-एक आवेदक शामिल थे। सुनवाई के दौरान गम्हरिया निवासी विजय सिंह और चन्दुली निवासी सत्येन्द्र प्रसाद यादव के भूमि विवाद से जुड़े मामलों को दोनों पक्षों की दलीलों और राजस्व अभिलेखों की जांच के बाद सुलझा लिया गया। बाकी बचे आठ मामलों में दूसरे पक्ष की अनुपस्थिति या साक्ष्यों की कमी के कारण उन्हें अगले शनिवार के लिए सूचीबद्ध किया गया है।
न्यायिक पारदर्शिता और त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से लगाए गए इस जनता दरबार में सीओ शेखर राज के साथ राजस्व अधिकारी (आर ओ) अरविंद कुमार, नगर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार, हरैया थानाध्यक्ष किसन कुमार पासवान और संबंधित हल्का के राजस्व कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य थाना और अंचल स्तर पर ही भूमि विवादों को सुलझाना है ताकि लोगों को अनावश्यक अदालती चक्कर न लगाने पड़ें और समाज में शांति व्यवस्था बनी रहे।(रिपोर्ट:पीके गुप्ता)
