
बीरगंज।(Vor desk)। लायंस क्लब ऑफ बीरगंज परिवार ने अपने स्थापना दिवस के अवसर पर सेवा और करुणा की मिसाल पेश की है। क्लब ने अपने 7वें चार्टर डे के उपलक्ष्य में जीतपुर गौशाला, रानीघाट में गायों को चारा खिलाने का विशेष कार्यक्रम आयोजित कर समाज में मानवीय सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया। इस सेवाोन्मुख गतिविधि के माध्यम से क्लब के सदस्यों ने न केवल बेजुबानों की सेवा की, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी दोहराया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष लायन नरोत्तम पांडे ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में डिस्ट्रिक्ट 325 S नेपाल के प्रथम डिप्टी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन राम बिहारी पांडे उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि चार्टर डे जैसे महत्वपूर्ण दिन पर इस तरह के सार्थक आयोजन क्लब की दूरदर्शिता को दर्शाते हैं। उन्होंने बीरगंज परिवार द्वारा लगातार की जा रही सामाजिक सेवाओं की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। अपने अध्यक्षीय भाषण में लायन नरोत्तम पांडे ने गर्व के साथ क्लब की सात वर्षों की यात्रा का उल्लेख किया और कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में सक्रिय रहने वाला यह संगठन भविष्य में समाज के पिछड़े और बेसहारा वर्गों के लिए और भी अधिक प्रभावी योजनाएं लेकर आएगा।
स्थापना काल के संघर्षों को याद करते हुए संस्थापक अध्यक्ष लायन बसु तिमलसीना ने वर्तमान कार्यसमिति की एकता और सक्रियता को क्लब की नई ऊंचाइयों का मुख्य कारण बताया। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट चीफ लायन श्याम गुप्ता, लायन गुड्डी जोशी और लायन चंद्रशेखर प्रसाद कुर्मी ने भी लायंस इंटरनेशनल के मूल मंत्र “वी सर्व” (हम सेवा करते हैं) को धरातल पर उतारने के लिए क्लब की प्रशंसा की। कार्यक्रम में रक्सौल और बीरगंज क्षेत्र के कई प्रमुख लायन नेताओं की उपस्थिति रही, जिनमें लायंस क्लब ऑफ रक्सौल के अध्यक्ष लायन बिमल सराफ, पूर्व अध्यक्ष लायन साइमन रेक्स, सचिव लायन नेजामुद्दीन सहित कई अन्य गणमान्य सदस्य शामिल थे।
गौशाला प्रबंधक श्याम सुंदर शर्मा जूनियर एवं कार्यक्रम समन्वयक लायन स्वेता माहेश्वरी के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में गायों को पौष्टिक आहार देकर धार्मिक और मानवीय मूल्यों पर जोर दिया गया। इस दौरान लायन संदीप गुप्ता कानू, लायन रवि सराफ, डॉ. लक्ष्मी थापा, लायन पिया सिंह और प्रभात आनंद सहित बड़ी संख्या में लायन सदस्यों ने गौ सेवा में अपना योगदान दिया। अंत में, उपस्थित सभी अतिथियों और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए अध्यक्ष नरोत्तम पांडे ने भविष्य में भी निरंतर समाज सेवा के ऐसे प्रकल्पों को जारी रखने का संकल्प लिया।
