
वीरगंज।(Vor desk)। सीमावर्ती क्षेत्र में आपसी व्यापारिक संबंधों को प्रगाढ़ बनाने और साझा समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से वीरगंज उद्योग वाणिज्य संघ एवं रक्सौल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के बीच एक महत्वपूर्ण परिचय संवाद बैठक संपन्न हुई। वीरगंज में आयोजित इस कार्यक्रम में वीरगंज चैंबर के कार्यवाहक अध्यक्ष माधव राजपाल ने रक्सौल चैंबर के पदाधिकारियों का अंगवस्त्र ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया।
बॉर्डर की चुनौतियों पर गंभीर चर्चा
स्वागत भाषण के दौरान कार्यवाहक अध्यक्ष माधव राजपाल ने सीमा क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने मुख्य रूप से रक्सौल-वीरगंज सीमा पर बढ़ता ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थित पार्किंग,नेपाली नागरिकों के प्रति भारतीय सुरक्षा कर्मियों के व्यवहार में असमानता और रक्सौल क्षेत्र का ड्रग तस्करी के केंद्र के रूप में उभरने के बारे में चर्चा हुई।
राजपाल ने कहा कि इन समस्याओं का सीधा असर व्यापार, आम जनता और यात्रियों पर पड़ रहा है, जिसके लिए संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बिठाकर स्थायी समाधान निकालना अनिवार्य है।
रक्सौल चैंबर ने दिया समाधान का भरोसा
रक्सौल चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष राकेश कुमार कुशवाहा ने समस्याओं पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि रक्सौल में ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान हेतु ओवरब्रिज निर्माण की योजना को मंजूरी मिल गई है और जल्द ही इस पर काम शुरू होगा। नशीले पदार्थों की तस्करी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात स्वयं इसकी निगरानी कर रहे हैं, जिससे स्थिति में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भारतीय पुलिस के व्यवहार से जुड़ी शिकायतों पर वे संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक पहल करेंगे।
आपसी सहयोग और एकजुटता पर बल
रक्सौल चैंबर के महासचिव शम्भू प्रसाद चौरसिया ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए दोनों देशों के व्यापारियों के बीच निरंतर संवाद और आपसी विश्वास आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में वीरगंज चैंबर के उपाध्यक्ष आशीष कुमार लाठ ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी बैठकें भविष्य में व्यापार और आपसी संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी।
प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति
बैठक में दोनों संस्थाओं के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे:इसमें वीरगंज चैंबर की ओर से महासचिव शिवाजी प्रसाद साह, सचिव प्रेम चंद्र गोयल, संयुक्त सचिव अनूप अग्रवाल उपस्थित थे,जबकि,रक्सौल चैंबर की ओर से वरिष्ठ उपाध्यक्ष नितिन कुमार, उपाध्यक्ष दिनेश प्रसाद, सह-सचिव गिरिधारी लाल श्रीवास्तव, रमेश कुमार गुप्ता, कार्यक्रम समन्वयक विश्वनाथ प्रसाद, कोषाध्यक्ष दिलीप कुमार शाह उपस्थित हुए।
कार्यक्रम के समापन पर दोनों संगठनों ने एक-दूसरे को स्मृति चिन्ह भेंट कर आपसी मित्रता को और प्रगाढ़ करने का संकल्प लिया।
