
रक्सौल।(Vor desk)। शहर को जाम मुक्त बनाने और सड़कों को व्यवस्थित करने के लिए नगर परिषद प्रशासन ने मंगलवार को अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान चलाया गया। कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार के निर्देश पर मशीनी दस्ते के साथ नगर परिषद प्रशासन ने शहर के मुख्य बाजारों में सघन अभियान चलाकर सड़क के किनारे और नालों पर अवैध कब्जों को जमींदोज कर दिया।
बाजारों में चला ‘बुलडोजर एक्शन’
प्रशासन की टीम तीन बुलडोजर, बॉब-कट मशीन और ट्रैक्टरों के साथ सब्जी बाजार, पोस्ट ऑफिस रोड, चावल बाजार, मीठा बाजार और हाड़ी बाजार जैसे व्यस्त इलाकों में उतरी। नालों के ऊपर किए गए पक्के निर्माण, दुकानों के बाहर निकले अवैध छज्जे और फुटपाथ पर रखी चौकियों को मशीन की मदद से तुरंत हटा दिया गया। इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने सख्त लहजे में कहा कि शहर की सुगम यातायात व्यवस्था और स्वच्छता से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अतिक्रमण दोबारा पाया गया तो संबंधित लोगों पर भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ कानूनी प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी। यह अभियान अब नियमित रूप से जारी रहेगा।
