Saturday, March 7

रामगढ़वा में दर्दनाक हादसा: शेरवा जंगल के पास अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर, मलबे में दबने से एक मजदूर की मौत और दो घायल

रामगढ़वा (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)। स्थानीय थाना क्षेत्र के पिपरपाती-धनगढ़वा मार्ग पर स्थित शेरवा जंगल में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के परिवार में मातम पसरा दिया। पुल निर्माण सामग्री लेकर लौट रहा एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में आने से 55 वर्षीय मजदूर रामाधार दास की मौके पर ही दबकर मौत हो गई। इस हृदय विदारक घटना में दो अन्य मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिपरपाती-धनगढ़वा रोड पर एक निर्माणाधीन पुल का कार्य पूरा होने के बाद बचा हुआ मटेरियल ट्रैक्टर पर लादकर वापस मोतिहारी ले जाया जा रहा था। सुबह करीब 10 बजे जैसे ही ट्रैक्टर शेरवा जंगल के पास पहुंचा, चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और ट्रैक्टर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसा इतना अचानक और जबरदस्त था कि इंजन और ट्रॉली पर सवार मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे भारी वाहन के नीचे दब गए।

​हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत राहत कार्य के लिए दौड़े। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन के नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक मोतिहारी के वसतपुर निवासी स्व. नथुनी दास के पुत्र रामाधार दास की सांसे थम चुकी थीं। सूचना मिलते ही रामगढ़वा थानाध्यक्ष राजीव कुमार साह और दारोगा अजीत सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया और स्थिति को नियंत्रित किया।

​थानाध्यक्ष राजीव कुमार साह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को पुलिस ने जब्त कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या चालक की लापरवाही से। फिलहाल, इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!