Saturday, March 7

रक्सौल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नेपाल से तस्करी कर लाया जा रहा 83 किलो गांजा जब्त, नेपाली चालक गिरफ्तार

​रक्सौल।(Vor desk)।भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रक्सौल में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नेपाल से गांजा की खेप लेकर आ रही एक पिकअप वैन को पकड़ा है, जिसमें बड़ी चतुराई से बनाए गए तहखाने से करीब 82.960 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। यह पूरी कार्रवाई रविवार, 28 दिसंबर को तड़के करीब 3:10 बजे अंजाम दी गई, जब पुलिस को जानकारी मिली कि बाईपास रोड के रास्ते तस्करी की एक बड़ी खेप भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने वाली है।

​सूचना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें पंजीकरण अधिकारी आशीष कुमार अग्रवाल और हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान सहित कई पुलिस अधिकारी शामिल थे। टीम ने बाईपास ओवरब्रिज पर घेराबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन (संख्या BR01GD2907) को रोककर जब उसकी बारीकी से तलाशी ली गई, तो वाहन के भीतर बने गुप्त तहखाने का पता चला। तलाशी में वहां से 8 बंडल गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन लगभग 83 किलो पाया गया।

​पुलिस ने मौके से वाहन चालक को हिरासत में ले लिया है, जिसकी पहचान नेपाल के पर्सा जिला अंतर्गत वीरगंज निवासी 30 वर्षीय आसू कुमार कलवार उर्फ विकेश कलवार के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क के पीछे छिपे अन्य चेहरों का पता लगाने और गांजे की इस खेप के गंतव्य की जांच करने में जुटी है, जिससे सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय अन्य तस्करों में हड़कंप मच गया है।(रिपोर्ट:श्रेयांश कुमार बिट्टू)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!