
रक्सौल।(Vor desk)। शहर के हजारीमल हाई स्कूल परिसर में गुरुवार को शारदा कला केंद्र और ‘राइज’ एनजीओ के संयुक्त तत्वावधान में ‘फन फेयर-2025’ का भव्य आयोजन किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मजेदार खेलों और विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल्स के साथ इस मेले ने शहरवासियों का भरपूर मनोरंजन किया।

दिग्गजों ने किया मेले का शुभारंभ
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा, एसडीएम मनीष कुमार, नप कार्यपालक पदाधिकारी मनीष आनंद, कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी, पूर्व आरडीडी ब्रजेश ओझा,चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष राकेश कुशवाहा,समाजसेवी कैलाश चंद्र काबरा,केंद्र की संचालिका शिखा रंजन और अजय कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। आयोजन की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसके बाद शारदा कला केंद्र और ग्रो जीनियस प्ले स्कूल के नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।लॉरेंस सरकार टीम की प्रस्तुति भी सराहनीय रही।




सांस्कृतिक प्रतिभा और सामाजिक सरोकार का संगम
विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा ने संचालिका शिखा रंजन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल बच्चों की प्रतिभा निखरती है, बल्कि भारतीय संस्कृति के माध्यम से उनका चारित्रिक विकास भी होता है। रक्सौल के लिए यह आयोजन अद्वितीय और सराहनीय है।मेले में मनोरंजन के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूकता दिखी। निःशुल्क स्वास्थ्य जांच स्टॉल पर लोगों को हर्बल चिकित्सा पद्धति के लाभ बताए गए और चिकित्सीय परामर्श दिया गया।विधायक सहित अतिथियों ने विभिन्न स्टॉल का निरीक्षण कर हौसलाफाई की और कहा कि आगे इस आयोजन में जो भी सहयोग की जरूरत होगी,प्रदान करेंगे।

व्यंजनों के स्वाद और मस्ती का तड़का
खिली हुई धूप के बीच आयोजित इस मेले में बच्चों ने झूलों का आनंद लिया और क्ले आर्ट (मिट्टी कला) में अपनी रचनात्मकता दिखाई। खाने-पीने के शौकीनों के लिए पावभाजी, मोमोज, पानीपुरी और विभिन्न स्नैक्स के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे, जहाँ दिन भर भारी भीड़ उमड़ी रही। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया और लकी ड्रॉ के माध्यम से विजेताओं को उपहार दिए गए।
आभार और संकल्प
शिखा रंजन ने मुख्यअतिथि, विशिष्ट अतिथि समेत आगत सभी अतिथियों तथा ब्रांड स्पोंसर राकेश कुशवाहा एवं को- स्पोंसर टुन्नू गुप्ता ,गोपाल काबरा , शिवपूजन प्रसाद ,सीताराम गोयल, विपिन कुशवाहा , गणेश अग्रवाल एवं स्थानीय दर्शकों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि उनके सहयोग से बीते कई सालों से फनफेयर आयोजन किया जा रहा है। जिसमें बच्चों की भागीदारी तथा स्थानीय लोग कार्यक्रम में शामिल हो हमारा उत्साहवर्धन करते हैं।इसे और बेहतर बनाने तथा रक्सौल में और बेहतर समाज -संस्कृति के उत्थान को हम संकल्पित हैं ।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के रजनीश प्रियदर्शी, उमेश सिकारिया, सीताराम गोयल, लायंस क्लब से बिमल सर्राफ, म. निजामुद्दीन, पवन किशोर कुशवाहा, स्वच्छ रक्सौल के रंजीत सिंह,शाबरा खातून,रक्सौल चैम्बर से दिलीप शाह ,भाजपा नेता प्रेम चंद्र कुशवाहा,कमलेश कुमार सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे। मंच का सफल संचालन अमित उपाध्याय ने किया।
