
रक्सौल, पूर्वी चंपारण।(Vor desk)। पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने आज बुधवार को रक्सौल थाना परिसर में पुलिस पब्लिक जन संवाद कार्यक्रम के तहत जनता दरबार लगाकर आम जनता की समस्याओं को सुना। इसमें रक्सौल, हरैया, पलनवा ,रामगढवा और आदापुर थाना क्षेत्र से जुड़ी मामलों की फरियाद सुनी गई।इस कार्यक्रम में कुल 72 फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जिनकी एसपी ने स्वयं अत्यंत गंभीरता के साथ सुनवाई की।फरियादियों में कई ने दबंगों से जमीन मुक्त कराने की मांग करते दिखे,तो कोई अपने बेटे से ही संपति के कारण पीड़ित नज़र आया।दरबार में पहुंचे अधिकांश मामले भूमि विवाद ,साइबर क्राइम,गिरफ्तारी न होने से संबंधित थे, जिनके निष्पादन के लिए उन्होंने संबंधित अंचल और थाना स्तर के अधिकारियों को निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए।
सुनवाई के दौरान पुलिस की कार्यशैली पर कड़ा रुख अपनाते हुए एसपी ने बड़ी कार्रवाई की। पॉक्सो (POCSO) एक्ट से जुड़े एक संवेदनशील मामले में जांच में घोर लापरवाही बरतने और मौजे निवासी आरोपी कृष कुमार की गिरफ्तारी नहीं करने की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसपी ने अनुसंधान पदाधिकारी (आईओ) सब इंस्पेक्टर सीमा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। पीड़िता के पिता ने न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस पर शिथिलता बरतने का आरोप लगाया था।यह मामला डीआईजी तक पहुंच चुका है,बावजूद लापरवाही जारी रही।अब अविलंब गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया है। इसी तरह, रक्सौल के गांधी नगर के एक मामले में शिकायतकर्ता के मूल आवेदन को बदलकर प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपियों को संरक्षण देने की शिकायत पर एसपी ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और तत्काल उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
इस क्रम में शहर के शंभू नगर से जुड़ा एक अज़ीबों-गरीब मामला आया। जिसमें फरियादी ने बताया कि जमीन कारोबारी संजय पटेल से जमीन खरीदी थी, खरीदी गई जमीन कृष्णा प्रसाद ने ट्रांसफर की उस वक्त पानी भरे होने के कारण खरीदार पीड़ित जमीन नहीं देख पाया, जब नापी के लिए जमीन पर गया तो मौके पर कागज के मुताबिक जमीन नहीं मिला। पीड़ित ने एसपी गुहार लगाया कि बड़ी मेहनत से पैसा जुटाया था। जमीन नहीं तो पैसा ही वापस करा दिया जाए। एसपी ने इस मामले में डीएसपी से नोटिस जारी करा आरोपियों से सफाई लेने और दोषी पाए जाने पर भूमाफिया के खिलाफ कर जेल भेजने का आदेश दिया है।
लक्ष्मीपुर निवासी एक व्यक्ति अपने बेटे को फ़र्ज़ी जलसाज से बचाने की गुहार लगाई। पीड़ित का आरोप था कि जलालुद्दीन अंसारी नाम के युवक ने दुबई ले जाने के लिए एग्रीमेंट किया लेकिन अब काम दूसरा करा रहा है।इस मामले में एसपी ने पूर्ण साक्ष्य के साथ मोतिहारी जनता दरबार में आने की सलाह दी है।
वहीं,साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों को लेकर भी एसपी सक्रिय दिखे। उन्होंने मौके पर कॉल करके साइबर क्राइम डिपार्टमेंट के इंचार्ज सह डीएसपी अभिनव पराशर को विभिन्न वादों के त्वरित कार्रवाई व मामलों के निष्पादन के निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट किया कि संवेदनशील मामलों में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता दरबार की समाप्ति के बाद उन्होंने एक मानवीय पहल करते हुए असहाय और गरीब लोगों के बीच कंबलों का वितरण भी किया। इस अवसर पर डीएसपी मनीष आनंद और थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार समेत कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। स्थानीय जनता ने पुलिस प्रशासन की इस पहल और एसपी की त्वरित न्याय प्रक्रिया की जमकर सराहना की है।धुरेंद्र कुमार, संतोष कुमार, विजय गुप्ता, वीरेंद्र कुमार आदि लोगों ने कहा कि अगर एसपी ऐसे ही सुनवाई की तो जल्द ही सभी की समस्या का समाधान हो जायेगा।
