
रक्सौल।(Vor desk)। पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल शहर के एक मेधावी युवा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। रक्सौल के श्रीराम जानकी मंदिर रोड निवासी नामचीन व्यवसायी स्वर्गीय गोपीराम धानोठिया के पौत्र तथा नरेश एवं रेशमा धानोठिया के पुत्र डॉ. चिराग धानोठिया ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित संयुक्त चिकित्सा सेवा परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 77वीं रैंक प्राप्त की है। चिराग की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार को गौरवान्वित किया है, बल्कि पूरे बिहार में खुशी की लहर दौड़ गई है।
डॉ. चिराग की इस सफलता के पीछे उनकी वर्षों की कड़ी मेहनत और शैक्षणिक उत्कृष्टता रही है। बचपन से ही मेधावी रहे चिराग ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा देहरादून के प्रतिष्ठित वेल्हम बॉयज और दिल्ली के डीपीएस बसंत कुंज से पूरी की। इसके बाद उन्होंने बेलगांव स्थित जवाहर लाल मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की डिग्री हासिल कर चिकित्सा के क्षेत्र में कदम रखा। उनकी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर रक्सौल के सामाजिक और व्यापारिक जगत में हर्ष का माहौल है।
उनकी सफलता की सूचना मिलते ही उनके परिजनों और शुभचिंतकों को बधाई देने वालों का तांता लग गया है। इस अवसर पर उनके बड़े चाचा रमेश धानोठिया, गणेश धानोठिया, दिनेश धानोठिया और महेश अग्रवाल सहित लायंस क्लब के अध्यक्ष बिमल सर्राफ, शंभु प्रसाद चौरसिया, बसंत जालान, प्रशांत जालान , हेमंत अग्रवाल, मोहम्मद निजामुद्दीन, संजय गुप्ता, अमित कुमार, पवन किशोर कुशवाहा, आमोद कुमार, अजय हिसारिया, अजय मस्करा और ध्रुव सर्राफ ने बधाई और शुभकामनाएं देते हुए डॉ. चिराग के प्रदर्शन को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है।
