Saturday, March 7

रक्सौल: एसडीएम ने की एससी-एसटी सतर्कता समिति की समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के जल्द निपटारे का दिया निर्देश

रक्सौल।(Vor desk)। स्थानीय अनुमंडल सभागार में सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में ‘अनुसूचित जाति/जनजाति (अत्याचार निवारण) अनुश्रवण सह सतर्कता समिति’ तथा ‘मैनुअल स्कैवेंजर रोजगार निषेध एवं पुनर्वास अधिनियम 2013’ से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान एसडीएम ने उपस्थित सभी सदस्यों की समस्याओं को विस्तार से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निष्पादन हेतु कड़े निर्देश दिए।

​अनुमंडल पदाधिकारी ने कानून-व्यवस्था और न्याय प्रक्रिया को गति देने के उद्देश्य से अनुमंडल के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि एससी-एसटी अत्याचार से जुड़े मामलों में लंबित चार्जशीट को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा करें। अत्याचार निवारण के साथ-साथ बैठक में जनहित के अन्य मुद्दों पर भी गंभीरता से चर्चा की गई, जिसमें वासभूमि, शौचालय निर्माण और आगलगी जैसी समस्याओं के समाधान के लिए उचित दिशा-निर्देश जारी किए गए।

​बैठक के अंत में एसडीएम ने जोर देकर कहा कि समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा और उनके पुनर्वास के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर प्रभारी अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी ब्रजेश कुशवाहा, अनुमंडल के सभी थानाध्यक्ष, विधायक प्रतिनिधि तथा समाजसेवी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!