
रक्सौल (VOR Desk)। शहर के व्यस्ततम मेन रोड स्थित ‘महदेवा होटल’ में शुक्रवार की रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बंद कमरे से 21 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रक्सौल पुलिस ने मृतक के परिजनों की मौजूदगी में कमरा संख्या 301 का दरवाजा खुलवाया। मृतक की पहचान पश्चिम चंपारण के धोबनी निवासी सुजीत कुमार तिवारी के रूप में हुई है।
साफ-सफाई का कहकर बंद किया था कमरा
पुलिस और होटल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सुजीत ने 17 दिसंबर की रात होटल में चेक-इन किया था। होटल रजिस्टर के मुताबिक वह हैदराबाद से लौटा था और उसे बगहा जाना था। शुक्रवार सुबह उसने बकाया किराया भी चुका दिया था और कर्मचारियों से कमरे की सफाई करने को कहा था। शाम को जब सफाईकर्मी कमरे पर पहुंचा और दरवाजा नहीं खुला, तब खिड़की से झांकने पर अंदर का खौफनाक मंजर दिखाई दिया।
रहस्य बरकरार: सुसाइड या कुछ और?
रक्सौल के थानाध्यक्ष सह पुलिस इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन मौत के असल कारणों को लेकर रहस्य गहरा गया है। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है या नहीं, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं की गई है। पुलिस ने सुजीत का मोबाइल फोन और अन्य निजी दस्तावेज जब्त कर लिए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिरी वक्त में उसकी बात किससे हुई थी।
परिजनों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
होटल रजिस्टर में दर्ज आधार कार्ड के जरिए पुलिस ने सुजीत के परिजनों को सूचित किया। परिजनों के रक्सौल पहुंचने के बाद ही पुलिस ने कमरे में प्रवेश किया और कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस अब मोबाइल कॉल डिटेल्स (CDR) और मैसेज खंगाल रही है ताकि यह समझा जा सके कि 21 साल के इस युवक ने आखिर इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है। थानाध्यक्ष श्री कुमार ने कहा, “हम हर संभावित पहलू की बारीकी से जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।” इस घटना के बाद से होटल परिसर और आसपास के व्यवसायियों में शोक और चर्चा का माहौल है।
