
रक्सौल।(Vor desk)। रक्सौल के हरैया थाना क्षेत्र में पुलिस को नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने भलवहिया गांव से लगभग 998 ग्राम चरस बरामद किया है।
हरैया थाना के अपर थानाध्यक्ष सोनेलाल कुमार ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली थी कि भलवहिया गांव स्थित एक बांसवारी में मादक पदार्थों की बड़ी खेप का लेन-देन होने वाला है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष टीम का गठन कर चिन्हित स्थान पर छापेमारी की गई।
पुलिस टीम जब मौके पर पहुँची, तो वहां सघन तलाशी के दौरान एक सफेद रंग के प्लास्टिक के झोले में छिपाकर रखा गया 998 ग्राम चरस बरामद हुआ। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही चरस कारोबारी अंधेरे और घनी झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस ने फिलहाल बरामद नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया है और अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस इस बिंदु पर सघन जांच कर रही है कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां होनी थी। फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
