Sunday, March 8

मोतिहारी पुलिस को बड़ी सफलता: दो अलग-अलग कार्रवाइयों में एक तस्कर सहित 7.5 किलो से अधिक मादक पदार्थ बरामद, सीमा पार तस्करी पर शिकंजा

मोतिहारी/पूर्वी चंपारण। (vor desk)। पूर्वी चंपारण में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ मोतिहारी पुलिस का अभियान तेज हो गया है। पुलिस ने मात्र दो दिनों के भीतर दो अलग-अलग महत्वपूर्ण कार्रवाइयों में 7.5 किलोग्राम से अधिक चरस और अफीम जैसा मादक पदार्थ जब्त किया है और एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर बॉर्डर क्षेत्र में नशा कारोबार के खिलाफ अभियान के तहत की गई।

सीमा पर 6 किलो चरस जब्त, तस्कर फरार:

एसपी के अनुसार, 14 दिसंबर 2025 को आदापुर थाना को नेपाल से अवैध चरस तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इस पर पुलिस टीम, SSB और प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) ने मूर्तीया SSB चेक पोस्ट (381/26) पर संयुक्त मोर्चा संभाला। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति जांच में जुटी टीम को देखकर नेपाल की ओर भागने में सफल रहा। हालांकि, पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल से 06 किलोग्राम चरस जैसा मादक पदार्थ जब्त किया, जिसे 500-500 ग्राम के 12 पैकेटों में पैक किया गया था। इस संबंध में आदापुर थाना में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

हरपुर में 1.5 किलो मादक पदार्थ के साथ एक गिरफ्तार:

दूसरी कार्रवाई हरपुर थाना क्षेत्र में हुई। यह ऑपरेशन भी SSB तथा दंडाधिकारी/BDO के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ। इस कार्रवाई में एक तस्कर वीर अभिमन्यु चौधरी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया, जो बलिया (उत्तर प्रदेश) के रसड़ा का निवासी है। पुलिस ने गिरफ्तार तस्कर के कब्जे से कुल 1.555 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए। बरामदगी में 1.035 किलोग्राम अफ़ीम जैसा और 0.52 किलोग्राम चरस जैसा पदार्थ शामिल है।

​एसडीपीओ मनीष आनंद ने बताया कि पुलिस तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने और सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने को प्रतिबद्ध है। पुलिस युवाओं को नशे के चंगुल से बचाने के लिए लगातार प्रयासरत है,इसी कड़ी में चलाए गए संयुक्त अभियान में यह सफलता मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!