Sunday, March 8

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने रक्सौल बॉर्डर से दिया देश की एकता और अखंडता का संदेश: एसएसबी की ‘बॉर्डर यूनिटी रन’ में उमड़ा जनसैलाब!

​केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने हरी झंडी दिखाई, युवाओं से देश विरोधी साजिशों के प्रति सतर्क रहने का आह्वान

​रक्सौल (पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)।
​सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 47वीं वाहिनी के 62वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को रक्सौल में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामूहिक शक्ति का प्रतीक ‘बॉर्डर यूनिटी रन’ का भव्य आयोजन किया गया। इस 5 किलोमीटर लंबी मैराथन दौड़ का मुख्य उद्देश्य सामाजिक सद्भावना को बढ़ावा देना और सीमावर्ती क्षेत्रों में देश प्रेम की भावना को मजबूत करना था।


​’बॉर्डर यूनिटी रन’ का शुभारम्भ मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और विशिष्ट अतिथि पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल तथा एसएसबी, पटना के आईजी निशित कुमार उज्जवल ने हरी झंडी दिखाकर किया।


​जनभागीदारी बनी कार्यक्रम की जान


​इस दौड़ में वाहिनी के कार्यक्षेत्र में स्थित विभिन्न महाविद्यालयों और विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, स्थानीय ग्रामीण (पुरुष एवं महिला), एनजीओ सदस्य, बैंककर्मी, स्थानीय प्रशासन के कार्मिक, बिहार पुलिस के प्रशिक्षु और सरकारी अस्पताल के कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। जनभागीदारी ने साबित किया कि देशवासी अलग-अलग नहीं, बल्कि एकजुट दिखाई देते हैं, जैसा कि केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में कहा।


​केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कहा भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर, एसएसबी के प्रयासों को सराहा


​इस अवसर पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि 21वीं सदी में भारत विश्वगुरु बनने की ओर तेज़ी से अग्रसर है,और प्रधानमंत्री मोदी उनके इस स्वप्न को साकार कर रहे हैं।भारत तेज़ी से एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है।विश्व की कोई भी शक्ति अब अस्त्र-शस्त्र या विचार-व्यवहार से भारत का सीधा मुकाबला नहीं कर सकती।

उन्होंने एसएसबी की सराहना करते हुए कहा कि यह बल केवल सीमा सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, सुरक्षा, बंधुत्व, सामुदायिक विकास, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्रों में भी महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।उन्होंने आम नागरिकों से मानव तस्करी, नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी से जुड़ी कोई भी सूचना प्रशासन को देकर देश की सुरक्षा व्यवस्था में सहभागी बनने का आह्वान किया।


​मंत्री ने देश विरोधी ताकतों द्वारा नशे के धंधे के माध्यम से युवाओं को गुमराह करने की साजिश पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से सतर्क रहने का आह्वान किया।

राय ने यह भी दावा किया कि गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद अपनी अंतिम साँसे गिन रहा है। उन्होंने कहा, “तिरुपति से पशुपतिनाथ तक लाल कॉरिडोर बनाने का सपना पूरा नहीं हो सका है, और नक्सलियों के माध्यम से अशांति फैलाने की साजिश भी विफल हो रही है।”

उन्होंने भारत-नेपाल संबंध को ‘बेटी-रोटी’ का ऐतिहासिक रिश्ता बताया और जोर दिया कि देश की सुरक्षा केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।


​दौड़ के सफल समापन के बाद विजेताओं को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही, मुख्य अतिथियों द्वारा पौधारोपण भी किया गया।
​इस दौरान क्षेत्रीय विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा, सिकटा विधायक समृद्ध वर्मा, नरकटिया विधायक विशाल कुमार, सुगौली विधायक राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता,चनपटिया के पूर्व विधायक उमाकांत सिंह एसएसबी के डीआईजी एस. सुब्रमण्यम, कमांडेंट संजय पाण्डेय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!