Sunday, March 8

अंबेडकर ज्ञान मंच ने मनाया महापरिनिर्वाण दिवस, प्रतिमा पर माल्यार्पण-अंबेडकर पुस्तकालय व नई प्रतिमा स्थापना का संकल्प!

रक्सौल।(Vor desk)। शहर के अंबेडकर चौक पर शनिवार को अंबेडकर ज्ञान मंच के तत्वावधान में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर अंबेडकर ज्ञान मंच के संस्थापक मुनेश राम के नेतृत्व में बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
वक्ताओं ने बाबा साहेब के कृतित्व और व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर ने भारत को ऐसा संविधान दिया जो आज भी देश का “राष्ट्रीय ग्रंथ” माना जाता है। उन्होंने कहा कि यह संविधान विविधताओं से भरे देश को एक सूत्र में पिरोकर सभी नागरिकों को समान अधिकार, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का मजबूत लोकतांत्रिक ढांचा प्रदान करता है।
इस अवसर पर मंच के संस्थापक मुनेश राम ने कहा कि भारत में सभी धर्म अपने-अपने ग्रंथों से संचालित होते हैं, लेकिन पूरा देश भारतीय संविधान से चलता है। उन्होंने कहा कि संविधान समाज को शिक्षित, नशा-मुक्त और समानता पर आधारित बनाने का संकल्प देता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अभिवंचित वर्ग के बच्चों को नशे और गैर-जरूरी गतिविधियों से दूर रखकर विद्यालयों की ओर प्रेरित करें, क्योंकि किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का पैमाना उसकी शिक्षा होती है। उन्होंने कहा कि “गांव-गांव, गलियों-मुहल्लों में स्वच्छता और शिक्षा को अभियान बनाकर ही हम बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं।
मंच के युवा सदस्य रविंद्र जडेजा ने कहा कि भारतीय संविधान देश के हर नागरिक की गरिमा की ढाल है। अगर बाबा साहेब हमें यह संविधान न देते, तो हमारा भविष्य भी निश्चित नहीं था।
कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने अंबेडकर चौक स्थित वर्तमान प्रतिमा के पुनरुद्धार तथा आगामी 14 अप्रैल (अंबेडकर जयंती) से पहले यहां भव्य धातु प्रतिमा स्थापित करने का संकल्प भी लिया। इसके लिए समाज के हर वर्ग से सहयोग की अपील की गई। साथ ही शहर में शीघ्र अंबेडकर पुस्तकालय स्थापित करने की घोषणा की गई, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के छात्र-छात्राओं को मुफ्त या सुलभ पुस्तकों की उपलब्धता हो सके और वे अपनी शिक्षा को नए आयाम दे सकें।
कार्यक्रम में रविंद्र कुमार, नुरुल्लाह खान, दीपक अग्नि रथ, इंजीनियर अनिल कुमार गुप्ता, पंचायत समिति सदस्य चंदेश्वर राम, भाग नारायण शाह,अनुमंडल अध्यक्ष प्रकाश कुमार पासवान, शिक्षक ताराचंद राम, पूर्व एचएम जगन राम,सज्जन पासवान, सोहन राम,बाबूलाल राम, निखिल रावण, शहजाद अंसारी, विशाल कुमार, कृष्णा राम, रविंद्र कुमार राम, आकाश कुमार, बिंदा राम, जय प्रकाश पासवान, बिक्रांत पासवान सहित भाजपा नेत्री पार्वती तिवारी ने भी बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अन्य महिलाओं के साथ श्रद्धांजली देते हुए उन्हें महिलाओं का सच्चा उद्धारक बताया।वही,कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!