Sunday, March 8

रक्सौल की पत्रकारिता के ‘युगपुरुष’ बाबू रामपुकार सिंह की छठी पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन


रक्सौल/पूर्वी चम्पारण।(Vor desk)। स्थानीय पत्रकारिता को नई दिशा देने वाले वरिष्ठ पत्रकार एवं रक्सौल प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष बाबू रामपुकार सिंह की छठी पुण्यतिथि गुरुवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। 68 वर्ष की आयु में उनका निधन रक्सौल की पत्रकारिता में एक युग के अवसान के रूप में देखा गया था। उनके व्यक्तित्व की सरलता, कार्य के प्रति समर्पण और सामाजिक सरोकारों में उनकी सक्रिय भूमिका आज भी उन्हें क्षेत्र का ‘युगपुरुष’ बनाती है।
मूल रूप से आदापुर प्रखंड के कुचुरवारी गाँव निवासी बाबू रामपुकार सिंह, बाबू जगदेव सिंह के ज्येष्ठ पुत्र थे। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 1990 में ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ से की और जीवन के अंतिम दिनों तक निर्भीक तथा जनपक्षीय पत्रकारिता को अपना जीवनधर्म बनाए रखा। वे बिहार सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार थे और करीब डेढ़ दशक तक रक्सौल प्रेस क्लब के अध्यक्ष पद पर रहे। उनके नेतृत्व ने रक्सौल की पत्रकार बिरादरी को संगठित, अनुशासित और सशक्त बनाया। इसके अलावा, वे नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की रक्सौल इकाई के संरक्षक तथा श्रमजीवी पत्रकार यूनियन में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे।


उनकी पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय गांधी प्राथमिक विद्यालय, रक्सौल में विशेष श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। प्रधानाध्यापक मुनेश राम सहित विद्यालय के शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को उनके जीवन, संघर्ष और पत्रकारिता में किए गए महत्वपूर्ण योगदानों के बारे में अवगत कराया। बच्चों को बताया गया कि किस तरह बाबू रामपुकार सिंह ने सीमावर्ती क्षेत्र जैसे रक्सौल में सूचनाओं को तथ्यपरक, संतुलित और जनहित में प्रस्तुत करने की परंपरा स्थापित की।


इसी क्रम में रक्सौल प्रेस क्लब की ओर से संयोजक लव कुमार चौबे के नेतृत्व में पत्रकारों ने बच्चों व जरूरतमंदों के बीच फल, फूल, बिस्किट आदि वितरित किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार अनिल कुमार गुप्ता ने की। उन्होंने कहा कि “रामपुकार जी की पत्रकारिता आदर्शों, अनुशासन, नैतिकता और जनता के प्रति प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण है। उनकी स्मृतियाँ हमें सदैव प्रेरित करती रहेंगी।”
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पत्रकार अनिल कुमार गुप्ता, दीपक अग्निरथ ,गणेश शंकर, राजेश केसरीवाल, लव कुमार चौबे, रवि रंजन वर्मा, दीपक कुमार, पार्वती तिवारी, श्रेयांश कुमार उर्फ बिट्टू, रितेश राज, पप्पू कुमार गिरी समाजसेवी नुरुल्लाह खान सहित कई पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखा गया तथा बाबू रामपुकार सिंह व दिवंगत पत्रकार रेयाज आलम लड्डू को श्रद्धांजलि देते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!