Saturday, March 7

रक्सौल के महदेवा गांव के पोखर किनारे झोले में मिले छह सुतली बम,सीमावर्ती इलाके में दहशत

रक्सौल ।(पूर्वीचंपारण) ।(Vor desk)।रक्सौल थाना क्षेत्र अंतर्गत नोनियाडीह पंचायत के महदेवा गांव में शुक्रवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पोखर किनारे एक झोले में रखे छह सुतली बम पाए गए। बम मिलने की सूचना फैलते ही पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह शौच के लिए गए एक बच्चे की नजर पोखर किनारे पड़े संदिग्ध झोले पर पड़ी। नजदीक जाकर देखने पर उसे उसमें सुतली बम जैसे पदार्थ दिखे, जिसके बाद उसने तुरंत इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मामले की सूचना रक्सौल थाना को दी। सूचना मिलते ही रक्सौल थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार पुलिस बल और एसएसबी के जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके को घेर कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि बमों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने के लिए बम निरोधक दस्ते को बुलाया जा रहा है, वहीं डॉग स्क्वायड (श्वान दस्ता) टीम को भी जांच के लिए सूचित किया गया है। गौरतलब है कि जहां यह संदिग्ध झोला मिला है, वह स्थान भारत-नेपाल सीमा से महज करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है। सुरक्षा एजेंसियां हर पहलुओं से जांच कर रही हैं। उल्लेखनीय है कि ठीक चार दिन पूर्व इसी गांव में संजय सिंह के घर रात के समय डकैती और चोरी की बड़ी घटना हुई थी। इस कारण ग्रामीणों और पुलिस द्वारा यह आशंका भी जताई जा रही है कि कहीं यह बम उसी वारदात से जुड़े असामाजिक तत्वों का तो नहीं है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है और लोगों से अपील की जा रही है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

दो साल पहले भी मिले थे बम

चार दिन पहले ही महदेवा गांव निवासी संजय सिंह के घर डकैती के बाद ग्रामीणों में दहशत है। बम मिलने से यह दहशत और बढ़ गया है।लोगों का अनुमान है कि डकैतों ने डकैती के बाद ये बम पोखर के पास छोड़ दिए होंगे या फिर किसी और के यहां डकैती की योजना थी। अप्रैल 2023 में भी इसी गांव में अरुण सिंह के घर डकैती के बाद बगल के पोखर के पास इसी तरह के सुतली बम मिले थे। पुलिस ने मामले की गहन जांच का आश्वासन दिया है।(रिपोर्ट:श्रेयांश कुमार बिट्टू)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!