
रामगढ़वा/रक्सौल।(पूर्वी चंपारण)।(Vor desk) सड़क दुर्घटना में जाने-माने पत्रकार और शिक्षक रेयाज आलम उर्फ लड्डू के दुखद निधन से पूरे आम जन सहित मीडिया जगत में शोक की लहर है।गुरुवार की दोपहर उन्हें उनके पैतृक गांव रामगढ़वा के कब्रिस्तान में नम आँखों से सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

कलम के धनी और मुखर पत्रकार रेयाज आलम ने अपनी धारदार लेखनी ,लगन और निष्ठा के लिए पत्रकारिता जगत में अलग पहचान बनाई थी । रामगढ़वा के मीडिया जगत में उनके अमूल्य योगदान को देखते हुए, उनके निधन को पत्रकारिता समुदाय के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
उनकी अंतिम यात्रा में स्थानीय निवासियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और बड़ी संख्या में पत्रकार साथियों ने भाग लिया। रामगढ़वा के मदरसा में उनका जनाजा पढ़ा गया। इस दुख की घड़ी में, मीडिया समुदाय और रामगढ़वा के सभी राजनीतिक दलों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।

इस मौके पर भाजपा के विधायक राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता,राजद के पूर्व विधायक शशिभूषण सिंह सहित प्रमुख राजनीतिज्ञों,समाजसेवियों ने पहुंच कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही परिजनो को सांत्वना दी।
दुर्घटना के घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे विधायक बबलू गुप्ता,बेहतर इलाज के दिए निर्देश

जिस दुर्घटना में रेयाज आलम घायल हुए थे, उसी हादसे के अन्य घायलों का इलाज रक्सौल के लक्ष्मीपुर स्थित एसआरपी हॉस्पिटल में जारी है। यह दुखद हादसा त्रिलोकीनाथ मंदिर के सामने घोड़ासहन नहर में चार पहिया वाहन गिरने से हुआ था।
अस्पताल में भर्ती चार घायलों में से दो की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में इलाजरत इन मरीजों में चालक दिलीप प्रसाद (मंगलपुर पटनी) और ललन प्रसाद (सकरार) शामिल हैं, जिन पर डॉक्टरों की सघन निगरानी जारी है। अन्य घायलों, राज कुमार सिंह (मदन परसौना) और कुणाल गुप्ता (गोला रोड) की स्थिति में क्रमिक सुधार देखा जा रहा है। कुणाल गुप्ता को सुधार के बाद ICU से वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया है।
गुरुवार की शाम सुगौली विधायक राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता एसआरपी हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने भर्ती मरीजों की स्थिति का जायजा लिया, परिजनों को ढांढस बंधाया, और हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. सुजीत कुमार को घायलों के लिए हर संभव बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया। विधायक ने इस दौरान दिवंगत पत्रकार रेयाज आलम के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
