Saturday, March 7

रक्सौल दुर्घटना: युवा पत्रकार रेयाज आलम ‘लड्डू’ की दर्दनाक मौत से क्षेत्र में शोक,शव के पोस्टमार्टम से आने का इंतज़ार,चार घायलों में दो की हालत नाजुक!

​रक्सौल।(Vor desk)।बुधवार की रात, रक्सौल नगर परिषद क्षेत्र के कोईरियाटोला में त्रिलोकी नाथ मंदिर के पास घोड़ासहन नहर में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे रामगढ़वा और रक्सौल क्षेत्र को गहरे सदमे में डुबो दिया है। एक विवाह समारोह से लौट रहे पाँच दोस्तों के समूह पर काल बनकर आई तेज़ रफ़्तार कार, जिसने नहर की रेलिंग तोड़कर गहरे पानी में डुबकी लगा दी। इस हृदयविदारक घटना में रामगढ़वा के जाने-माने, मिलनसार पत्रकार सह शिक्षक रेयाज आलम उर्फ़ लड्डू की असमय मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं।

रामगढ़वा में शोक की लहर

​छोड़ादानो से बारात निपटाकर लौट रही चार पहिया वाहन (BR05PB5976) जैसे ही त्रिलोकी नाथ मंदिर के पास पहुँची, वह अनियंत्रित होकर सीधी घोड़ासहन नहर के गहरे, अंधेरे पानी में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि स्थानीय युवकों के त्वरित और साहसी बचाव कार्य के बावजूद, जब रेयाज आलम को बाहर निकाला गया, तो उनकी साँसें धीमी पड़ रही थीं। दुखद रूप से, अस्पताल पहुँचते-पहुँचते उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
​रेयाज आलम ‘लड्डू’ केवल एक पत्रकार नहीं थे, बल्कि रामगढ़वा बाज़ार की धड़कन थे। उनकी मौत की ख़बर सुनते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सभी लोग मर्माहत हैं। उनके पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया गया है, और शव के वापस आने के बाद उन्हें रामगढ़वा बाज़ार में गुरुवार की दोपहर सुपुर्द-ए-ख़ाक किया जाएगा। हर आँख नम है और हर जुबान पर बस एक ही सवाल है—”क्यों, इतना जल्दी क्यों?”

घायलों की हालत नाजुक, आक्रोश
​दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल चार अन्य लोगों—चालक दिलीप प्रसाद(40), राज कुमार सिंह(45), कुणाल गुप्ता(35), और ललन प्रसाद(42)—का इलाज शहर के एसआरपी हॉस्पिटल में जारी है। अस्पताल के मुख्य चिकित्सक डॉ. सुजीत कुमार के अनुसार, घायलों में से दो की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।कुल।चार घायल में चालक दिलीप प्रसाद(पिता:लक्ष्मण महतो,मंगलपुर पटनी,राम गढ़वा)के साथ-साथ राज कुमार सिंह(पिता:राम बाबू सिंह,मदन परसौना,रामगढ़वा) और कुणाल गुप्ता (पिता:सुनील गुप्ता,गोला रोड,राम गढ़वा),ललन प्रसाद(पिता:शत्रुध्न प्रसाद, सकरार,राम गढ़वा)शामिल हैं।

इसमें दिलीप प्रसाद: वेंटिलेटर पर हैं और जीवन-मौत से जूझ रहे हैं।
​ललन प्रसाद: उनकी रीढ़ (Spinal) और सीने (Chest) में गंभीर चोटें आई हैं। वह भी ICU में डॉक्टरी निगरानी में हैं।
​इस बीच, स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। घटना के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन में विलंब हुआ और रेयाज आलम की जान चली गई। लोगों का कहना है कि नहर में बार-बार हो रहे ऐसे हादसों और प्रशासन की लापरवाही ने ही आज एक और युवा ज़िंदगी छीन ली है।
​फिलहाल, रक्सौल इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार ने मामले की जाँच शुरू कर दी है, और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को नहर से निकालने का प्रयास जेसीबी और पुलिस टीम द्वारा जारी है। लेकिन यह दुःखद दुर्घटना रामगढ़वा के लोगों को एक गहरा ज़ख्म दे गई है, जिसकी भरपाई असंभव है। ऐनयूजेआई की रक्सौल शाखा ने मर्माहत करने वाली इस घटना पर दुख जताते हुए युवा पत्रकार रेयाज आलम लड्डू की मौत को अपूरणीय क्षति बताया है।साथ ही सरकार से मृतक पत्रकार के आश्रितों को मुआवजा और नौकरी ,बच्चों के पढ़ाई की व्यवस्था की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!