
वीरगंज।(Vor desk)। सीमावर्ती शहर वीरगंज की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। वीरगंज महानगरपालिका, सशस्त्र पुलिस बल नेपाल नं. 13 गण हेडक्वार्टर पर्सा, ग्रीन सिटी सामुदायिक प्रहरी सेवा केन्द्र आदर्शनगर और जिला प्रहरी कार्यालय पर्सा के संयुक्त प्रयास से बीरगंज–रक्सौल मैत्री पुल के पास सीमा सुरक्षा बिट (चौकी) के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
बीरगंज वडा नं. 16 स्थित मैत्री पुल के समीप बनने वाली यह सुरक्षा चौकी सीमा क्षेत्र की सुरक्षा को और अधिक मजबूत करेगी।इस सुरक्षा चौकी से सीधा फायदा भारतीय पर्यटकों को होगा,जो नेपाल जाते हैं।उनकी संयुक्त जांच इस पोस्ट पर होगी।
ग्रीन सिटी सामुदायिक प्रहरी सेवा केन्द्र आदर्शनगर के अध्यक्ष जय प्रकाश खेतान की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर प्रमुख राजेशमान सिंह रहे। इस अवसर पर जिला प्रशासन कार्यालय के प्रमुख (सीडियो) भोला दहाल, जिला प्रहरी कार्यालय पर्सा के डीएसपी राजु कार्की, ट्राफिक प्रहरी कार्यालय पर्सा के प्रमुख युबराज कटवाल, सशस्त्र प्रहरी बल नं. 13 गण हेडक्वार्टर के प्रमुख पुरन चन्द्र भट्ट, और बीरगंज भन्सार के डीएसपी पुरुषोत्तम भण्डारी सहित कई विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर सिंह ने इस निर्माण कार्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वीरगंज जैसे सीमावर्ती शहर के लिए मजबूत सुरक्षा ढाँचा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि सीमा सुरक्षा बिट के निर्माण से अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा, सुरक्षा तंत्र की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी, और यह स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में महानगर के पदाधिकारी, सामुदायिक प्रहरी सेवा केन्द्र के प्रतिनिधि, नागरिक समाज और स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जो इस पहल के प्रति व्यापक समर्थन को दर्शाता है।
