
रक्सौल/छौडादानों।(Vor desk)
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार का शोर रविवार शाम पाँच बजे समाप्त हो गया। मंगलवार, 11 नवंबर को होने वाले निर्णायक मतदान से ठीक पहले, ‘जन सुराज’ अभियान के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने पूर्वी चंपारण जिले में अपने तूफानी रोड शो से चुनावी माहौल को गर्माए रखा। जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में दौरा करने के बाद वह नरकटिया विधानसभा पहुँचे, जहाँ उन्हें देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी।उनका जलवा नरकटिया और रक्सौल साफ दिखा।

अपने अंतिम प्रचार अभियान के दौरान, प्रशांत किशोर ने महत्वपूर्ण राजनीतिक बयान भी दिए। उन्होंने पहले चरण में हुई 65% रिकॉर्ड वोटिंग को बिहार के इतिहास में एक अभूतपूर्व घटना बताया और दावा किया कि यह आंकड़ा राज्य में ‘बदलाव’ की ओर इशारा कर रहा है, जिसका सबसे बड़ा लाभ यहाँ की जनता को मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘कट्टा-छर्रा’ वाले बयान पर तंज कसते हुए PK ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी बिहार आकर ऐसी बातें इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि उन्होंने पिछले वर्षों में राज्य के विकास के लिए कोई काम नहीं किया है। उनका आरोप था कि प्रधानमंत्री केवल जंगलराज का डर दिखाकर मतदाताओं से वोट लेने की कोशिश कर रहे हैं।
इसके बाद, उनका काफिला घोड़ासहन नहर होते हुए रक्सौल विधानसभा क्षेत्र के भेलाही बाजार पहुँचा, जहाँ जन सुराज प्रत्याशी भुवन पटेल और उनकी पत्नी, स्थानीय मुखिया सुमन देवी सहित कार्यकर्ताओं ने बुके और फूल मालाओं से उनका ज़ोरदार स्वागत किया।

किशोर ने यहाँ कार्यकर्ताओं से चाय पर चर्चा की और फिर सिकटा के लिए रवाना हो गए।
प्रचार खत्म होने से पहले, प्रशांत किशोर ने दूसरे चरण के मतदाताओं से भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि वे 11 नवंबर को 6 नवंबर से भी ज्यादा बढ़-चढ़कर मतदान करें, ताकि बिहार में ऐसी मजबूत व्यवस्था बन सके कि यहाँ का कोई भी बच्चा रोजी-रोजगार के लिए अपना घर छोड़कर पलायन न करे।
अब प्रचार का शोर थम चुका है और सभी की निगाहें 11 नवंबर के मतदान पर टिकी हैं, जो प्रशांत किशोर के ‘बदलाव’ के दावे का भविष्य तय करेगा।
