Sunday, March 8

पूर्वी चंपारण चुनाव के सभी 4095 बूथों पर केंद्रीय अर्ध सैनिक बल की तैनाती, होगी लाइव वेब कास्टिंग:डीएम व एसपी ने दी स्वच्छ और पारदर्शी चुनाव की गारंटी



मोतिहारी/रक्सौल ।( Vor desk)।आम निर्वाचन 2025 के द्वितीय चरण के तहत, पूर्वी चंपारण जिले में 11 नवंबर 2025 को मतदान होना है। जिला प्रशासन ने चुनाव को स्वच्छ, निष्पक्ष, भयमुक्त और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के लिए अपनी सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। मतदान सुबह 7:00 बजे से संध्या 6:00 बजे तक चलेगा।


अभूतपूर्व सुरक्षा और सघन निगरानी व्यवस्था


जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जिले के सभी 4095 मतदान केंद्रों पर पूर्ण पारदर्शिता के साथ मतदान कराया जाएगा। सुरक्षा के मद्देनजर सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्ध सैनिक बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त, बिहार मिलिट्री पुलिस और जिला पुलिस के जवान भी तैनात रहेंगे। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने जानकारी दी कि जिले में कुल 250 कंपनी फोर्स आई है, जिसमें 150 केंद्रीय कंपनी शामिल हैं। मतदान के दिन 101 QRT (क्विक रिस्पांस टीम) की टीम पूरे जिले में भ्रमणशील रहेगी।
निगरानी के लिए एक व्यापक तंत्र स्थापित किया गया है। सभी मतदान केंद्रों से लाइव वेब कास्टिंग की जाएगी। प्रत्येक बूथ पर दो-दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं—एक मतदान कक्ष के अंदर और दूसरा कक्ष के बाहर—जिनमें आवाज रिकॉर्डिंग की सुविधा भी है। इन सभी की मॉनिटरिंग लगातार जिला नियंत्रण कक्ष से की जाएगी। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर माइक्रो ऑब्जर्वर की भी तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को चार लेयर में बांटा गया है ताकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
मतदाता-केंद्रित और महिला संचालित बूथ


जिलाधिकारी ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों को मतदाता फ्रेंडली बनाया गया है। आम मतदाताओं की सहायता के लिए वॉलंटियर्स तैनात रहेंगे। दिव्यांगजन मतदाताओं के लिए मतदान केंद्र पर ट्राई साइकिल की व्यवस्था की गई है। महिला कर्मियों को पर्दा नशी मतदाताओं की जांच के लिए प्रतिनियुक्त किया गया है। मतदान केंद्र पर मोबाइल होल्डर की व्यवस्था भी है, ताकि मतदाता मतदान कक्ष में प्रवेश से पहले अपना मोबाइल सुरक्षित जमा करा सकें। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक आदर्श बूथ और एक यूथ बूथ बनाया गया है। इस बार लगभग 120 मतदान केंद्र ऐसे होंगे जिनका संचालन पूरी तरह से केवल महिला कर्मी करेंगी। जिले के 12 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 95 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।


प्रशासनिक तैयारी और विधि-व्यवस्था


आज, मतदान से दो दिन पूर्व, निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी मतदान कर्मियों का पार्टी मिलान कर दिया गया है। कल, 10 नवंबर 2025 को, डिस्पैच सेंटर से सभी पार्टियों को मतदान केंद्र पर भेजा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने सख्त चेतावनी दी है कि बूथ के आसपास किसी भी तरह के अनावश्यक जमावड़ा या हंगामा करने पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हाल ही में 200 से अधिक कुख्यात अपराधियों को जिला/थाना बदर किया गया है और 15 से अधिक अपराधियों का जेल ट्रांसफर किया गया है। मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन संबंधी प्राप्त सभी 06 मामलों में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इसके अतिरिक्त, इंडो-नेपाल सीमा को सील कर दिया गया है और वहाँ लगातार निगरानी रखी जा रही है।
मतगणना और अपील
मतगणना 14 नवंबर को होनी है, जिसके लिए दो केंद्र बनाए गए हैं: एक एमएस कॉलेज मोतिहारी में और दूसरा डाइट छतौनी में। मतगणना के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम की सुरक्षा तीन लेयर में की गई है और सीसीटीवी के माध्यम से पूरी निगरानी रखी गई है। पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि मतदान के दिन संध्या पहर में मोतिहारी में ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा ताकि ईवीएम जमा कराने वाले क्षेत्र में यातायात सुगम रहे। मतगणना की पूरी प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी रहेगी, जिसे निर्वाचन लड़ने वाले प्रतिनिधि अथवा उनके एजेंट देख सकेंगे।
अंत में, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जिले के संपूर्ण मतदाताओं से मतदान करने की अपील की है ताकि जिले में लोकतंत्र का महापर्व सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!