
रामगढ़वा।(Vor desk)।भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार और भाजपा नेता पवन सिंह ने गुरुवार को रामगढ़वा प्रखंड के सिसवनिया मैदान में आयोजित एक चुनावी सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इस जोड़ी ने देश और बिहार के विकास को एक नई और तेज उड़ान दी है, जिसकी रफ्तार आज हर गांव और शहर तक पहुंच चुकी है।
यह सभा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रत्याशी राजेश कुमार गुप्ता उर्फ बबलू गुप्ता के समर्थन में आयोजित की गई थी। पवन सिंह ने उपस्थित जनसमूह से आगामी 11 नवंबर को ‘हेलीकॉप्टर’ चुनाव-चिह्न पर बटन दबाकर एनडीए प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने जोर देकर कहा कि एनडीए सरकार ने गरीब, किसान और युवाओं के उत्थान के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं।

पवन सिंह ने अपने चिर-परिचित अंदाज में भोजपुरी में जोशीला भाषण देते हुए कहा, “एक बिहारी सब पर भारी, भइया बढ़ जाईल शान जब बल हो पगड़िया, सब पर भारी बाड़े एगो बिहारिया। लव यू! पीछे हेलीकॉप्टर लागल बा, अउरी बटन दाबे के बा हेलीकॉप्टर, हई बोल ता बिहार, सुनी पवन के ललकार, जीती बिहार!” उन्होंने जनता के सहयोग से सुगौली को आदर्श विधानसभा के रूप में स्थापित करने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर पवन सिंह को देखने और सुनने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। युवाओं में उनका क्रेज साफ दिखाई दिया, जहां कई युवक पेड़ों पर चढ़कर उनका भाषण सुनते रहे। उत्साह इतना अधिक था कि मंच के पास बनी बैरिकेडिंग टूट गई, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे पुलिस और एसएसबी के जवानों को हल्की लाठियां भी भांजनी पड़ीं। सभा को लोजपा (रामविलास) प्रत्याशी बबलू गुप्ता, जदयू नेता सुभाष सिंह, बबलू साह, पुष्पेंद्र तिवारी समेत एनडीए के कई नेताओं ने भी संबोधित किया।(रिपोर्ट:मेराज आलम लड्डू)
