
रक्सौल।(Vor desk)।बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव 2025 को भयमुक्त और निष्पक्ष माहौल में संपन्न कराने के लिए पूर्वी चंपारण पुलिस लगातार सक्रियता दिखा रही है। इसी क्रम में, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जिले के भारत-नेपाल सीमावर्ती इलाकों में चलाए गए विशेष जांच अभियान के तहत, बुधवार को तीन अलग-अलग मामलों में भारी मात्रा में नेपाली मुद्रा बरामद की गई और तीन व्यक्तियों को हिरासत में ले कर कानूनी करवाई शुरू किया गया। पुलिस को संदेह है कि यह रकम चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने या अवैध लेनदेन के लिए लाई जा रही थी।
1. : हवाला कारोबारी गिरफ्तार
रक्सौल अनुमंडल के आदापुर थाना क्षेत्र में एसडीपीओ मनीष आनंद के नेतृत्व में सीएपीएफ के साथ एक संयुक्त कार्रवाई की गई। गुप्त सूचना के आधार पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल चालक को रोका गया। वाहन की डिक्की की तलाशी लेने पर उसके पास से 4 लाख 23 हजार नेपाली रुपये और 1700 भारतीय रुपये बरामद हुए। गिरफ्तार व्यक्ति कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सका, जिससे पुलिस को उसके हवाला कारोबारी होने का संदेह हुआ। पुलिस ने बरामद रुपये के अंतरराष्ट्रीय हुंडी नेटवर्क और सप्लाई चेन की गहन जांच कर रही है।पकड़े गया युवक आदापुर के औरैया निवासी रितेश कुमार बताया गया है।
2. महुआवा और झरोखर में दूसरी सफलता
मोतिहारी पुलिस को दूसरी बड़ी सफलता महुआवा और झरोखर थाना क्षेत्रों में मिली। महुआवा थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को 93,000 नेपाली रुपये के साथ हिरासत में लिया है। वहीं, एसपी स्वर्ण प्रभात को नेपाल से पैसे की खेप आने की सूचना मिलने पर झरोखर थाना और एसएसबी ने संयुक्त रूप से जांच की और एक व्यक्ति को 99,700 नेपाली रुपये के साथ पकड़ा।दोनो मामले में पूछ ताछ और जरूरी करवाई जारी है।
चुनाव में अवैध इस्तेमाल की आशंका
बरामद रकम के चुनाव में अवैध इस्तेमाल की आशंका को ले कर पुलिस एलर्ट है।एसपी स्वर्ण प्रभात ने स्पष्ट किया कि जिले की सीमाओं और संवेदनशील इलाकों में एसएसटी चेकपोस्टों और मोबाइल टीमों के जरिए सघन चौकसी बरती जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अवैध नकदी, शराब या अन्य सामान का उपयोग चुनाव को प्रभावित करने में न किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है और चुनावी प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
