
रक्सौल।(Vor desk)।बिहार विधान सभा चुनावों के मद्देनजर सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और चौकसी पहले से ही तेज है, और इसी सख्ती के बीच रक्सौल पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। रक्सौल अनुमंडल अंतर्गत आदापुर प्रखंड अंतर्गत हरपुर थाना की पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को 44 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
एसडीपीओ मनीष आनंद ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें भारत-नेपाल बॉर्डर पर स्मैक की डिलीवरी होने की सटीक सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद पुलिस ने सीएपीएफ टीम के सहयोग से एक विशेष जांच अभियान चलाया। सघन तलाशी के दौरान, एक संदिग्ध व्यक्ति की शरीर जांच में यह मादक पदार्थ बरामद किया गया और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रभात पटेल के रूप में हुई है, जो रक्सौल थाना क्षेत्र के सहदेवा गांव निवासी हीरा पटेल का पुत्र है। एसडीपीओ ने आगे बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि प्रभात पटेल का मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ा आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी इसी प्रकार के मामलों में संलिप्त रहा है।
पुलिस ने बरामद स्मैक को जब्त कर लिया है, और तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और स्मैक की सप्लाई चेन के फैलाव की भी गहराई से जाँच कर रही है। एसडीपीओ मनीष आनंद ने स्पष्ट किया कि सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए लगातार सघन अभियान जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
