Monday, March 9

रक्सौल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में सामान्य प्रेक्षक मयंक अग्रवाल ने किया चुनावी तैयारियों का सघन निरीक्षण,दिए कई निर्देश


रक्सौल ।(Vor desk)। सोमवार को 10-रक्सौल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक, मयंक अग्रवाल, ने चुनावी तैयारियों का सघन जायजा लिया। उन्होंने सबसे पहले रक्सौल विधानसभा क्षेत्र के लिए बनाए गए डिस्पैच सेंटर, जो कि एसएसबी कैंप हवाई अड्डा मैदान, रक्सौल में स्थित है, में चल रहे ईवीएम कमीशनिंग कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान, उन्होंने कमीशनिंग कार्य में लगे कर्मियों और पदाधिकारियों से विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। इस महत्वपूर्ण अवसर पर रक्सौल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर सह एसडीएम मनीष कुमार और अन्य सहायक निर्वाची पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके उपरांत, प्रेक्षक महोदय ने रक्सौल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने उत्क्रमित मध्य विद्यालय भैरो भगत सिसवा (केंद्र संख्या 10-11), उत्क्रमित मध्य विद्यालय भरतमही (केंद्र संख्या 17 – 18), तथा मध्य विद्यालय हरदिया (केंद्र संख्या 23- 24) का दौरा किया और वहाँ उपलब्ध सभी न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं (AMF) की जाँच की।

निरीक्षण के दौरान, प्रेक्षक ने स्थानीय जनता से भी बातचीत की और आगामी 11 नवंबर को सभी मतदाताओं से बिना किसी प्रलोभन या भय के निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की भावुक अपील की। मतदान केंद्रों के निरीक्षण के बाद, प्रेक्षक महोदय भेलाही चौक स्थित एसएसटी (स्टैटिक सर्विलांस टीम) चेक पोस्ट पहुँचे। उन्होंने वहाँ कार्यरत पदाधिकारी और पुलिसकर्मियों से आवश्यक जानकारी ली और निर्वाचन की महत्ता को ध्यान में रखते हुए, स्वच्छ एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी वाहनों की सघन छानबीन करने तथा “रोको-टोको” पहल को गति देने का कड़ा निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!