
रक्सौल।(Vor desk)।कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम एक बार फिर सामने आया है। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) द्वारा जारी किए गए सीए फाइनल परीक्षा, सितंबर 2025 के परिणामों में रक्सौल के एक होनहार छात्र मोहम्मद तौहीद हुसैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता प्राप्त की है।
तौहीद हुसैन ने सीए फाइनल की कठिन परीक्षा में अपने दोनों ग्रुप एक साथ पास कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि लगन से किए गए प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाते।
सफलता
मोहम्मद तौहीद हुसैन ने सीए फाइनल परीक्षा के ग्रुप-I में कुल 174 अंक और ग्रुप-II में कुल 154 अंक हासिल किए हैं। इस तरह उन्होंने कुल 654 अंकों के साथ सीए फाइनल की परीक्षा सफलतापूर्वक पास कर ली है।
तौहीद की प्रारंभिक शिक्षा राजकीय प्राथमिक विद्यालय महादेवा से शुरू हो कर हजारीमल स्कूल और उच्च शिक्षा के कॉलेज से हुई है।
तौहीद रक्सौल के महादेवा गांव के निवासी मोहम्मद रउफ़ बाबू और मां मुस्तकिमा खातून के पुत्र हैं।चार पुत्रों में सबसे छोटे तौहीद के इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर परिवार, मित्र और रक्सौल के सभी लोग गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।तौहीद के बड़े भाई मोहम्मद सानी(बड़ा साहेब टेलर के संचालक) ने बताया कि तौहीद शुरू से ही मेघावी रहा है।वहीं, गुरु प्रो डा हजारी प्रसाद ने कहा कि तौहीद हुसैन की यह सफलता उन सभी युवाओं के लिए एक प्रेरणा है जो बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए कठिन परिश्रम करने को तैयार रहते हैं।
