
रक्सौल/बैरगनिया।(Vor desk)।बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले, पूर्वी चंपारण की रक्सौल पुलिस ने सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए न केवल भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की खेप बरामद की, बल्कि एक अंतर-जिला तस्करी रैकेट का भी पर्दाफाश किया। रक्सौल डीएसपी मनीष आनंद के नेतृत्व और निर्देशन में पहले रक्सौल में हुई गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद मिले इनपुट के आधार पर यह छापेमारी सीतामढ़ी के बैरगनिया तक पहुंची, जहाँ पुलिस ने स्थानीय बैरगनिया थाने के सहयोग से यह बड़ी कार्रवाई की।
रक्सौल थाना के इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार और अनि जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बड़ी संख्या में एसएसबी जवानों के साथ बैरगनिया में दबिश दी। दंडाधिकारी सह सीओ रंजीत कुमार की उपस्थिति में, टीम ने पटेल चौक स्थित हनुमान मेडिको के मालिक गौरव कुमार और उनके एक स्टाफ को हिरासत में लिया। इसके बाद, टीम मछली बाजार के समीपवर्ती अंसारी मार्केट स्थित उनके गोदाम तक पहुंची और ताला खुलवाकर तलाशी ली।
गोदाम से पुलिस ने करीब दो दर्जन कार्टन में रखी ‘ऑनरेक्स’ नामक नशीली कफ सिरप की कुल 2,610शीशियां जब्त कीं,जिसकी कीमत करीब15लाख आंकी गई है। इस बरामदगी ने बिहार-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में नशीली दवाओं के सेवन और तस्करी के बढ़ते जाल को उजागर कर दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शराबबंदी के बाद से ही इस इंडो-नेपाल बॉर्डर इलाके में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री एक फलते-फूलते कारोबार में बदल गई है, जिसमें छोटे-बड़े तस्करों की एक पूरी फौज खड़ी हो गई है। बताया जाता है कि नेपाल से बड़ी संख्या में नशेड़ी यहाँ आकर इन दवा दुकानों से नशीली सिरप और इंजेक्शन खरीदते हैं, जिससे कुछ दवा दुकानदारों का अवैध तरीके से पेट चल रहा है।
रक्सौल पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह पूरी कार्रवाई पहले पकड़े गए तस्करों से मिली निशानदेही पर आधारित थी, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह नशीली दवाओं का कारोबार अब एक संगठित और अंतर-जिला रैकेट का रूप ले चुका है। बैरगनिया बाजार में एसएसबी जवानों के साथ पूर्वी चंपारण की पुलिस को देख स्थानीय लोगों में पहले हड़कंप मचा, लेकिन बाद में बड़ी खेप की जब्ती और गिरफ्तारी के साथ ही पूरा माजरा सामने आ गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रक्सौल में कोईरियाटोला निवासी सुरेन्द्र सिंह के मकान में रह रहे कुणाल कुमार के पास से83 पिस दवा बरामद हुई थी।उसकी निशानदेही पर बैरगनिया (सीतामढ़ी) के सतवहीया निवासी सौरभ कुमार और डुमरवाना के छोटकु पासवान को गिरफ्तार किया गया।
200 से अधिक मादक पदार्थ तस्करों को किया गिरफ्तार
डीएसपी मनीष आनंद ने बताया कि ऑनरेक्स कफ सिरप का उपयोग नशे के रूप में किया जाता है।सूचना पर इस अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर अब तक 200 से अधिक मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि कई तस्कर अभी भी फरार हैं।
