
रक्सौल।(Vor desk)। सरिसवा नदी का पानी छठ पर्व के अवसर पर आंशिक रूप से साफ हो जाने से व्रतियों को बड़ी राहत मिली है। पूर्वी चम्पारण प्रशासन के आग्रह और वीरगंज स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास की पहल पर नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में यह कामयाबी मिली है।
इस दिशा में रक्सौल नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने भी पिछले दिनों वीरगंज प्रशासन को पत्र लिखकर छठ पर्व के लिए नदी में प्रदूषण और गंदे ,दुर्गंधयुक्त जल के प्रवाह को रोकने की मांग की थी। इसके बाद परसा जिला के प्रमुख जिलाधिकारी तोय नारायण सुवेदी,,बारा जिला के प्रमुख जिलाधिकारी प्रकाश पौडेल , वीरगंज महानगर पालिका के मेयर राजेश मान सिंह आदि के द्वारा एक बैठक भी आयोजित की गई थी। मामले को ले कर कड़ा रुख अपनाया गया,जिसके बाद पानी आंशिक रूप से साफ होने लगी है।बता दे कि इस मामले में पूर्व की करवाई में अब तक वीरगंज पथलैया औद्योगिक कॉरिडोर की छह फैक्ट्रियों पर जुर्माना लगाया गया, जिसके बाद दर्जनों फैक्ट्रियों ने रसायन, चमड़ा और कचरा युक्त जल का उत्सर्जन बंद कर दिया है,हालाकि,अनेकों फैक्ट्री संचालक अब भी मनमानी से बाज नहीं आ रहे।
प्रशासन की सख्ती और पहल के बाद नदी में अब पहले की अपेक्षा साफ पानी प्रवाहित होने लगा है, जिससे वीरगंज- रक्सौल सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। हालांकि, स्थानीय लोगों और व्रतियों की चिंता अभी भी बनी हुई है, क्योंकि नदी के तल में अभी भी लेदी (अपशिष्ट और कचरा) जमा है। स्थानीय किरण देवी,चंचल सिंह आदि का कहना है कि जल साफ होने के बावजूद, तल की गंदगी में स्नान करना और खड़े होकर अर्घ्य देना स्वास्थ्य के लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है।
सीमा जागरण मंच के प्रदेश संयोजक महेश अग्रवाल, नगर पार्षद रवि गुप्ता, जितेंद्र दत्ता,घन श्याम प्रसाद आदि ने नदी के प्रदूषण पर रोक लगने का स्वागत करते हुए भारतीय दूतावास के प्रयास के लिए आभार प्रकट किया है।
