
रक्सौल।(Vor desk)।एशियन हाइवे अंतर्गत 527डी के रक्सौल-सुगौली सड़क खंड पर ग़म्हरिया स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के सामने हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो बाइकों की सीधी भिड़ंत हो गई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृत युवक की पहचान कौड़ीहार भगवानपुर निवासी पप्पू यादव के पुत्र सत्यम कुमार यादव के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को एक नेपाली नंबर की बाइक पर सत्यम ,शिवम ,उज्ज्वल नामक युवक सवार थे।शिवम ने बताया कि मोतिहारी से अपने मामा के घर रक्सौल कौड़ीहार आ रहे थे,इसी बीच यह दुर्घटना हो गई।जबकि दूसरी बाइक पर रक्सौल के नवका टोला स्थित अपने घर से मनौव्वर नामक युवक सड़क पर विपरीत दिशा से जाने को निकले। दोनों की अचानक हुई भीषण टक्कर में सभी सवार युवक घायल हो गए। इस हादसे में घायल हुए तीन अन्य युवकों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है, जिनमें दो की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। गंभीर रूप से घायलों में घुगुवा, बनकटवा निवासी रणधीर यादव के पुत्र शिवम कुमार और कौड़ीहार भगवानपुर निवासी सुरेश यादव के पुत्र उज्ज्वल कुमार शामिल हैं। इसके अलावा, नवका टोला के वार्ड संख्या 5 निवासी मनीर अंसारी के पुत्र मनौव्वर अंसारी (28) की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को अपने नियंत्रण में लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
