
रक्सौल।(पूर्वी चंपारण)।(Vor desk)। पूर्वी चंपारण जिला के सीमावर्ती रक्सौल अंतर्गत हरैया थाना क्षेत्र के एकडेरवा गांव में मंगलवार की देर रात एक दुकान में लगी भीषण आग बुझाने पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि अग्निशमन वाहन घटनास्थल पर देर से पहुंचा, जिससे उनका गुस्सा भड़क गया।
अवैध पेट्रोल बिक्री से भड़की आग की आशंका
सूत्रों के अनुसार, जिस दुकान में आग लगी थी, उसमें अवैध तौर पर पेट्रोल बेचने की सूचना है। वहां गैस सिलेंडर विस्फोट भी हुआ था ।आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से आग तेज़ी से भड़की और बड़ा रूप ले लिया। मामले की जांच जारी है।
चालक और जवानों को निशाना बनाया
देर रात्रि जब फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने के लिए पहुंची, तो आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहन के चालक और जवानों पर हमला कर दिया।टीम रेल गुमटी बंद होने से विलंब का शिकार हो गई थी,जबकि,ग्रामीण आक्रामक हो चालक और जवान को निशाना बनाया।हालांकि, सूचना मिलते ही हरैया पुलिस और एसएसबी मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित करते हुए अग्निशमन टीम को सुरक्षित बाहर निकाला।ऐसे में बड़ी घटना टल गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 13 आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान के नेतृत्व में पुलिस ने केंद्रीय अर्धसैनिक बल (CAPF) के साथ मिलकर गांव में देर रात छापेमारी की। इस त्वरित कार्रवाई में फायर ब्रिगेड टीम पर हमला करने के आरोप में कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी एकडेरवा गांव के निवासी हैं। पुलिस ने साफ किया है कि आपातकालीन सेवाओं में बाधा डालने और कर्मियों पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने इनको किया गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जसवंत कुमार, रोहित कुमार, नमी साह, हरिशंकर महतो, जेआउल हक, राजकुमार, पतिलाल महतो, विनय कुमार, धर्मपाल, धर्मराज साह, रमेश कुमार, दिलीप कुमार साह और राजन कुमार शामिल हैं। ये सभी आरोपी एकडेरवा गांव के निवासी हैं।
फरार आरोपियों की तलाश और छापेमारी
थानाध्यक्ष ने बताया कि, सभी गिरफ्तार लोगों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं निंदनीय हैं। आपातकालीन सेवाओं में बाधा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर तलाश कर रही है और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने तथा कानून का सहयोग करने की अपील की है।
