
सुगौली।(बिहार)।(Vor desk)।बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में सुगौली विधानसभा सीट का चुनावी मुकाबला अचानक पूरी तरह से बदल गया है। नामांकन पत्रों की जांच के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के उम्मीदवार का नामांकन रद्द हो जाने से महागठबंधन (Mahagathbandhan) को एक बड़ा झटका लगा है।
महागठबंधन के उम्मीदवार का नामांकन रद्द
सुगौली सीट से राष्ट्रीय जनता दल के निवर्तमान विधायक और विकासशील इंसान पार्टी के प्रत्याशी शशि भूषण सिंह का नामांकन रद्द कर दिया गया है। वीआईपी एक ऐसी क्षेत्रीय पार्टी है जो चुनाव आयोग में निबंधित (Registered) नहीं है, इसलिए उसके प्रत्याशी को नामांकन के समय 10 प्रस्तावक (Proposers) अनिवार्य रूप से ले जाने होते हैं। शशि भूषण सिंह ने संभवतः खुद को राजद का उम्मीदवार मानकर केवल एक प्रस्तावक के साथ नामांकन किया, जिसके कारण प्रस्तावकों की संख्या पूरी न होने के आधार पर उनका नामांकन रद्द कर दिया गया।कहा जा रहा है कि विलंब से सिंबल मिलने के कारण नामांकन रद्द हुआ।इसमें अहम यह है कि शशिभूषण के पास राजद और वीआईपी दोनों के सिंबल थे।पहले राजद ने सिंबल दिया।बाद में अदलाबदली में वीआईपी से सिंबल मिल।वह अभी अंतिम समय में,इसी चक्कर में घनचक्कर हो गया।राजयोग हाथ से निकल गया।
राजद के बागी को भी लगा झटका
इतना ही नहीं, सुगौली सीट पर राजद के बागी उम्मीदवार ओम प्रकाश चौधरी का नामांकन भी रद्द हो गया है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, उन्होंने नामांकन पत्र में कई आवश्यक पृष्ठ खाली छोड़ दिए थे, जिसके कारण उनका आवेदन अमान्य हो गया।
अब NDA और जन सुराज में सीधी टक्कर
दो प्रमुख उम्मीदवारों के नामांकन रद्द होने के बाद, अब सुगौली विधानसभा सीट पर मुकाबला मुख्य तौर पर दो खेमों के बीच सिमट गया है:
- NDA (LJP – रामविलास): राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता(पूर्व एम एल सी)
- जन सुराज पार्टी: अजय झा
इस घटनाक्रम को महागठबंधन के लिए एक बड़ी परेशानी माना जा रहा है, जबकि एनडीए समर्थित उम्मीदवार के लिए मुकाबला आसान होने की उम्मीद है।हालाकि,बसपा के जुल्फिकार आफताब इस मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की जुगत में है।यदि महागठबंधन का समर्थन मिला,तो,लड़ाई आसान नहीं होगी।
यह भी गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में राजद के प्रत्याशी शशि भूषण सिंह ने 65,267 वोट हासिल कर वीआईपी पार्टी के रामचंद्र सहनी को 3,447 वोटों के अंतर से हराया था, जिन्हें 61,820 वोट मिले थे। इस बार सीट का समीकरण पूरी तरह से बदल गया है, जहां चिराग पासवान की पार्टी (लोजपा-रामविलास) और प्रशांत किशोर की पार्टी (जन सुराज) के उम्मीदवारों के बीच मुख्य मुकाबला है।बसपा त्रिकोणीय बनाती दिख रही है।
बिहार विधान सभा निर्वाचन- 2025, विधानसभा क्षेत्र 11 सुगौली से दस अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन दाखिल किया गया। जिसमें 5 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध पाए गए।
- श्याम किशोर चौधरी, जनशक्ति जनता दल
- राजेश कुमार उर्फ बब्लू गुप्ता, लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास)
- जुल्फिकार आफताब, बहुजन समाज पार्टी
- अजय कुमार झा, जन सुराज पार्टी
- जितेन्द्र तिवारी, किसान सुराज दल
अवैध पाने वाले नाम–
- शशिभूषण सिंह, विकासशील इंसान पार्टी (10 प्रस्तावक के स्थान पर 1)
- कृष्ण मोहन झा, प्रस्तावक, (अपूर्ण शपथ पत्र)
- ओम प्रकाश चौधरी, निर्दलीय (अपूर्ण शपथ-पत्र)
- सदरे आलम, निर्दलीय (अपूर्ण शपथ-पत्र)
अपनी जनता पार्टी (नामांकन पत्र में प्रस्तावक का हस्ताक्षर नहीं, अपूर्ण शपथ-पत्र)
- गयासुद्दीन सामानी, आम आदमी पार्टी (अपूर्ण शपथ-पत्र)
