Tuesday, March 10

रक्सौल विधानसभा-10 के लिए भाजपा के प्रमोद सिन्हा,जनसुराज के भुवन पटेल,निर्दलीय धूरेंद्र प्रसाद सहित तीन उम्मीदवारों ने भरा नामांकन

रक्सौल।(Vor desk)।रक्सौल विधानसभा क्षेत्र संख्या 10 के लिए शुक्रवार को तीन प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने वालों में भाजपा के सीटिंग विधायक और एनडीए प्रत्याशी प्रमोद कुमार सिन्हा, जन सुराज के कपिल देव प्रसाद उर्फ भुवन पटेल, और निर्दलीय उम्मीदवार धूरेंद्र प्रसाद शामिल थे। सभी उम्मीदवारों ने रक्सौल के निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीएम मनीष कुमार के समक्ष अपनी नामजदगी का परचा भरा।
नामांकन दाखिल करने के बाद, एनडीए प्रत्याशी प्रमोद कुमार सिन्हा ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास कर रहा है, और बिहार में एक बार फिर बहुमत से एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने रक्सौल में अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि इस बार वह एक लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल करेंगे।
जन सुराज के भुवन पटेल ने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि उनका नाम और नामांकन भले ही पहले हुआ हो, लेकिन जीत में भी उनका ही पहला नंबर होगा। उन्होंने जोर दिया कि रक्सौल की जनता अब परिवर्तन के पक्ष में है।
वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी धूरेंद्र प्रसाद ने बताया कि वह दूसरी बार निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं और रक्सौल के विकास के लिए जनता का आशीर्वाद चाहते हैं।
नामांकन के लिए भाजपा और जनसुराज के प्रत्याशी बाइक, कार, ई-रिक्शा आदि विभिन्न वाहनों के काफिले और समर्थकों के साथ अनुमंडल कार्यालय पहुंचे। सभी उम्मीदवारों ने नामांकन से पहले पूजा-अर्चना की, मुंह मीठा किया, और फिर अपने समर्थकों के साथ नामजदगी का परचा भरा।
जन सुराज के भुवन पटेल ने सिसवा में पूर्व विधायक राज नंदन राय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर और उनका आशीर्वाद लेकर अपने आवास भेलाही से भारी लाव-लश्कर के साथ रक्सौल पहुंचकर नामांकन किया,उनकी सभा आईसीपी बाईपास रोड स्थित फ्लाई ओवर ब्रिज एरिया के पास हुई। वहीं, एनडीए प्रत्याशी प्रमोद सिन्हा ने हरैया स्थित अपने आवास से बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ रक्सौल पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। नामांकन के उपरांत, हरैया स्थित आईसीपी रोड में एक चुनावी सभा का भी आयोजन किया गया, जिसे हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर के सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, क्षेत्रीय सांसद डॉ. संजय जायसवाल और ढाका के निवर्तमान विधायक पवन जायसवाल ने संबोधित किया।अपने संबोधन में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि एनडीए सरकार ने पिछले दो दशकों में बिहार में सुशासन व जनकल्याण की सरकार देने का काम किया है। लेकिन बिहार की जनता यह जानती है कि जब जब राजद आयी है तब तब तबाही लायी है। कुछ लोग बिहार को मंगलराज से वापस जंगलराज की तरफ ले जाने का षड्यंत्र रच रहे हैं ।वहीं,पश्चिम चंपारण के सांसद डा संजय जायसवाल ने अपने संतुलित भाषण में एनडीए सरकार की उपलब्धियों की चर्चा की और राजद और कांग्रेस को ‘फुटल लालटेन और टूटल हाथ’ बता कर तेजस्वी,राहुल गांधी पर खूब हमला बोला,जबकि, रक्सौल के प्रतिद्वंदी दलीय प्रत्याशियों पर कॉमेंट से साफ साफ बचते दिखे।उन्होंने कहा कि छाप नहीं बदलता ,चेहरे बदलते हैं।पहले अजय भैया थे अब प्रमोद सिन्हा हैं।उन्होंने अपील किया कि पार्टी को जिताईए,नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद दीजिए।इधर,श्री सिन्हा के नामांकन रैली और आयोजित सभा में कई पुराने भाजपा एवं एनडीए के चेहरे एवं दिग्गजों की कमी खटकती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected , Contact VorDesk for content and images!!