
रक्सौल।(Vor desk)।महागठबंधन ने बिहार विधान सभा चुनाव में पूर्वी चंपारण के रक्सौल सीट से पूर्व मंत्री श्याम बिहारी प्रसाद को उम्मीदवार घोषित कर दिया हैं।इसके बाद सभी अटकलों पर विराम लग गया है।चुनाव मैदान लड़ाकों से सज गया है।
जनता दल यू से इस्तीफा दे कर पिछले सितम्बर माह में कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व मंत्री श्याम बिहारी के मैदान में आने से घमासान तय है।
भाजपा ने यहां से दुबारा निवर्तमान विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है।वहीं,जनसुराज ने कपिल देव प्रसाद उर्फ भुवन पटेल को मैदान में उतारा है।मजे की बात है की तीनो जनता दल यू के दिग्गज रह चुके हैं।ऐसे में भाजपा विधायक रहे एनडीए उम्मीदवार प्रमोद सिन्हा को कड़ी टक्कर मिलनी तय है।
रक्सौल से टिकट का आश्वासन नहीं मिलते देख कर पूर्व सहकारिता राज्य मंत्री श्याम बिहारी प्रसाद ने जद यू से इस्तीफा दे दिया था।उन्होंने पार्टी के प्राथमिक सदस्य और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य पद से इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस ज्वाइन किया था,जिसमे उन्हें रक्सौल से टिकट का आश्वासन मिला था।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जब चंपारण के विभिन्न कार्यक्रम और सभा कर रहे थे,उसी दिन उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन कर एनडीए को झटका दिया था।इस बार महागठबंधन ने सभी अटकलों को समाप्त करते हुए ऐसे समय में श्याम बिहारी प्रसाद को उम्मीदवार घोषित किया है,जब सुबह 17 अक्तूबर को एनडीए प्रत्याशी प्रमोद सिन्हा के साथ जन सुराज प्रयाशी भुवन पटेल का नामांकन दाखिल होना है।एनडीए के तरफ से नामांकन सभा में भाजपा और जद यू के कई दिग्गज आने वाले हैं।
पूर्व कैबिनेट मंत्री और शेर ए उत्तर बिहार कहे जाने वाले स्व.ब्रिज बिहारी प्रसाद के अनुज श्याम बिहारी वैश्य समाज से आते हैं।वे रक्सौल विधान सभा क्षेत्र संख्या10 से वर्ष 2015में निर्दलीय चुनाव लड़ चुके हैं,जिसमे उन्हें 21697वोट मिले थे। काफी समय से यहां महागठबंधन में वैश्य चेहरे की मांग हो रही थी।
2008में हुए नए परिसीमन के बाद वर्ष 2010में हुए चुनाव में श्री प्रसाद नरकटिया विधान सभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे।तत्कालीन कैबिनेट मंत्री बृज बिहारी प्रसाद की हत्या के बाद पहली बार 1998में वे आदापुर से उप चुनाव जीते थे और मंत्री बने थे।इसके बाद 2005में दुबारा श्याम निर्वाचित हुए थे।बिहारी बिहार की चर्चित भाजपा नेत्री सह लोक सभा की पूर्व डिप्टी स्पीकर रमा देवी के देवर हैं।
