
रक्सौल।(Vor desk)। बिहार विधान सभा चुनाव को शांतिपूर्ण,निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को ले कर सीमा पार की चुनौतियों से निपटने के लिए आपसी सहयोग एवं समन्वय के मद्देनजर बुधवार को इंडो नेपाल कॉर्डिनेशन कमिटी की बैठक आयोजित हुई। रक्सौल स्थित एकीकृत जांच चौकी में हुई बैठक में भारत और नेपाल के सीमा क्षेत्र के आला अधिकारी मौजूद रहे।अध्यक्षता एसएसबी के आईजी निशित कुमार उज्ज्वल ने की।स्वागत पूर्वी चंपारण जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने की।
बैठक के दौरान दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और चुनाव के दौरान शांति बनाए रखने पर गहन चर्चा की।खास कर भारत नेपाल सीमा को सुदृढ़ बनाने,सीमा क्षेत्र पर बिहार में लागू शराबबंदी के नियम का अनुपालन कराने,विधि व्यवस्था को दुरुस्त रखने ,दोनो ओर चौकसी और नियमित गश्त ,आसूचनाओं के आदान प्रदान,के साथ ही क्रिमिनल एक्टिविटी,आर्म्स,फेक करेंसी और ड्रग्स एंड नारकोटिक्स स्मगलिंग कंट्रोल,अवैध सामग्रियों की आवाजाही पर रोक लगाने को ले कर दोनों तरफ से सहमति जताई गई।संवेदनशील रास्तों पर कड़ी निगहबानी संदिग्ध एवं अवैध घुसपैठ पर रोक लगाने का संकल्प लिया गया।
इस बारे में प्रेस कांफ्रेंस में एसएसबी आईजी निशित कुमार उज्ज्वल ने पत्रकारों को बताया कि, यह दोनों देशों के बीच एक समन्वय बैठक थी। इसमें नागरिकों की पहचान और जांच-पड़ताल की प्रक्रिया को सख्त करने पर सहमति बनी। बैठक में मादक पदार्थों, हथियारों, जाली नोटों की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए साझा रणनीति तैयार की गई।
इस रणनीति के तहत नियमित संयुक्त गश्त, निगरानी और खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान को अधिक प्रभावी बनाने का निर्णय लिया गया। आईजी उज्ज्वल ने यह भी बताया कि 11 नवंबर को होने वाले चुनाव से 48 घंटे पहले भारत-नेपाल सीमा को सील कर दिया जाएगा।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में भारत की ओर से डीआईजी हर किशोर राय, जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल,एसपी स्वर्ण प्रभात एसएसबी उप महानिरीक्षक एस सुब्रमण्यम, कमांडेंट संजय पांडेय, रक्सौल डीएसपी मनीष आनंद उपस्थित थे। नेपाल की ओर से परसा जिले के सीडीओ तोय नारायण सुबेदी ,बारा जिला के जिलाधिकारी प्रकाश पौडेल,एपीएफ डीआईजी अंजनी कुमार पोखरेल सहित दोनों देशों के पुलिस व अर्धसैनिक बलों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।पश्चिम चंपारण के प्रशासनिक अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
